
वॉशिंगटन। अमेरिका ने अपने नागरिकों से ईरान की यात्रा न करने के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी वजह से ईरान न जाएं और जो लोग पहले से वहां मौजूद हैं वे तुरंत वहां से निकल जाएं। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हालात के और बिगड़ने के खतरे को देखते हुए उठाया गया है।
एक सुरक्षा अलर्ट में ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने कहा कि इलाके में सुरक्षा की स्थिति जटिल बनी हुई है। साथ ही यात्रियों को चेतावनी दी गई कि उन्हें उड़ानें रद होने, एयरस्पेस बंद होने और दूसरी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
‘अभी छोड़ दो ईरान’
एडवाइजरी में कहा गया, “किसी भी वजह से ईरान की यात्रा न करें। अमेरिकी नागरिकों को अभी ईरान छोड़ देना चाहिए।” अमेरिकी मिशन ने इलाके में मौजूद अमेरिकियों से बहुत सतर्क रहने और एयरपोर्ट, एयरलाइन और बॉर्डर क्रॉसिंग से जुड़ी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखने को कहा।
इसमें यह भी चेतावनी दी गई कि ईरान की जमीनी सीमाओं पर नियम बिना किसी सूचना के बदल सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे जिस भी देश में जाना चाहते हैं वहां की एंट्री से जुड़ी जरूरतों की जांच कर लें। अमेरिका ने ईरान समर्थित हूती बलों की गतिविधियों का भी जिक्र किया, जिन्होंने सऊदी अरब में हमले किए हैं।
‘सैन्य टकराव तेजी से बढ़ने की आशंका’
अलर्ट में कहा गया, “ईरान समर्थित हूती गुटों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमले किए हैं, जिनमें आम नागरिकों के एयरपोर्ट पर किए गए हमले भी शामिल हैं। इस सैन्य टकराव के तेजी से बढ़ने की आशंका है।”
अमेरिका ने आगे चेतावनी दी कि उसके राजनयिक ठिकानों जिनमें मध्य पूर्व के बाहर की जगहें भी शामिल हैं को पहले भी निशाना बनाया गया है और ईरान या तेहरान का समर्थन करने वाले समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, व्यवसायों और संस्थानों को निशाना बना सकते हैं।
अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई कि वे सुरक्षा अपडेट पाने और आपात स्थिति में अमेरिकी राजनयिक अधिकारियों से संपर्क आसान बनाने के लिए विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में रजिस्टर करें।
नागरिकों को प्रदर्शनों वाली जगहों से बचने की सलाह
अलर्ट में नागरिकों से यह भी कहा गया कि वे प्रदर्शनों, बड़ी भीड़ और भारी पुलिस मौजूदगी वाले इलाकों में जाने से बचें और अमेरिका से सार्वजनिक रूप से जुड़ी जगहों पर खुद को बहुत ज्यादा चर्चा में न लाएं। हवाई हमले की स्थिति में अमेरिकियों को खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने, गिरे हुए मलबे से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने का निर्देश दिया गया।
यह अलर्ट अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है। वॉशिंगटन तेहरान पर सैन्य और समुद्री दबाव बनाए हुए है, जबकि ईरानी अधिकारी क्षेत्र में अमेरिकी हितों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं।



