भारत के इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार में अब बड़ी और पुरानी ऑटो कंपनियों की पकड़ धीरेधीरे मजबूत होती दिख रही है. TVS Motor, Bajaj Auto और Hero MotoCorp की इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी Vida ने सितंबर के शुरुआती 28 दिनों में मिलकर कुल इलेक्ट्रिक टूव्हीलर रजिस्ट्रेशन का 61.8 फीसदी हिस्सा अपने नाम किया है. इससे संकेत मिलता है कि EV बाजार में ग्राहक धीरेधीरे स्थापित कंपनियों की ओर ज्यादा भरोसा दिखा रहे हैं.

Vahan के 28 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, TVS Motor 26.4 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही. इसके बाद Bajaj Auto की 23.6 फीसदी और Vida की 11.7 फीसदी हिस्सेदारी रही. तीनों कंपनियों की कुल हिस्सेदारी अगस्त में 59.5 फीसदी और जुलाई में 60.6 फीसदी थी. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। हालांकि, सितंबर का पूरा आंकड़ा महीने के आखिरी दो दिनों के रजिस्ट्रेशन जुड़ने के बाद थोड़ा बदल सकता है.
TVS ने सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बेचे
सितंबर में 28 दिनों के दौरान ने 49,677 इलेक्ट्रिक टूव्हीलर रजिस्टर किए. Bajaj Auto 44,480 यूनिट के साथ दूसरे नंबर पर रही. वहीं Ather ने 27,690 यूनिट, Hero Vida ने 22,109 यूनिट और Ola Electric ने 11,984 यूनिट रजिस्टर किए.Ampere, River और Ultraviolette जैसी दूसरी इलेक्ट्रिक टूव्हीलर कंपनियों ने मिलकर 32,000 से ज्यादा यूनिट रजिस्टर कीं.
Bajaj और Vida की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी
सितंबर में Bajaj Auto की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 23.6 फीसदी हो गई, जो अगस्त में 22.4 फीसदी और जुलाई में 22.3 फीसदी थी. यानी कंपनी की हिस्सेदारी लगातार बढ़ी है. दूसरी तरफ, TVS Motor की हिस्सेदारी सितंबर में मामूली घटकर 26.4 फीसदी रह गई, जो अगस्त में 26.7 फीसदी थी. इसके बावजूद कंपनी इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार में सबसे आगे बनी हुई है.
Vida की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. सितंबर में कंपनी की हिस्सेदारी 11.7 फीसदी रही, जबकि अगस्त में यह 10.4 फीसदी और जुलाई में 11.2 फीसदी थी.तीनों कंपनियों की संयुक्त हिस्सेदारी पूरे साल करीब 60 फीसदी के आसपास रही है. जनवरी में यह 59.2 फीसदी थी, जो फरवरी में 61.4 फीसदी और मार्च में 61.6 फीसदी तक पहुंच गई थी. इसके बाद अप्रैल से जून के बीच यह 60 फीसदी से नीचे रही. जुलाई में यह फिर 60 फीसदी के पार गई और सितंबर के शुरुआती 28 दिनों में 61.8 फीसदी हो गई.
Ola Electric की हिस्सेदारी 6.4 फीसदी
कभी देश की सबसे बड़ी कंपनी रही Ola Electric की हिस्सेदारी सितंबर के शुरुआती 28 दिनों में घटकर 6.4 फीसदी रह गई. अगस्त में कंपनी की हिस्सेदारी 7.6 फीसदी और जुलाई में 6.9 फीसदी थी.
वहीं Ather ने हाल ही में 99,000 रुपये की शुरुआती कीमत वाला अपना नया मासमार्केट मॉडल Konarc लॉन्च किया है. इसकी बिक्री 21 सितंबर से शुरू हुई. ऐसे में इस नए मॉडल का कंपनी की बिक्री पर असर अक्टूबर के आंकड़ों में ज्यादा साफ दिखाई दे सकता है.
इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार में बढ़ रहा मुकाबला
भारत के इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार में अभी भी कई स्टार्टअप और नई कंपनियां मुकाबला कर रही हैं. हालांकि, TVS, Bajaj और Vida जैसी स्थापित कंपनियां अपनी मौजूदा डीलर नेटवर्क, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और देशभर में मौजूद सेल्ससर्विस नेटवर्क का फायदा उठा रही हैं.
शुरुआती दौर में भारत का इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बाजार Ola Electric और Ather Energy जैसी pureplay EV कंपनियों के इर्दगिर्द ज्यादा केंद्रित था. अब पारंपरिक टूव्हीलर कंपनियां भी तेजी से इलेक्ट्रिक सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही हैं.
सितंबर में कुल EV रजिस्ट्रेशन भी मजबूत
इलेक्ट्रिक टूव्हीलर का पूरा बाजार भी सितंबर में मजबूत नजर आया. Vahan के मुताबिक, 1 से 28 सितंबर के बीच देश में 1.88 लाख इलेक्ट्रिक टूव्हीलर रजिस्टर हुए. खास बात यह है कि यह संख्या पूरे अगस्त में दर्ज किए गए 1.83 लाख रजिस्ट्रेशन से भी ज्यादा है. हालांकि, सितंबर के अंतिम दो दिनों के रजिस्ट्रेशन जुड़ने के बाद महीने का अंतिम आंकड़ा थोड़ा अलग हो सकता है.



