देश के सबसे बड़े निजी बैंकों में शामिल HDFC Bank ने अपने डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव शुरू कर दिया है. पिछले कुछ समय से फिनटेक कंपनियों, NBFCs और कमजोर एपीआई पर लगातार साइबर हमले हो रहे हैं. इन घटनाओं ने बैंकिंग सेक्टर में थर्डपार्टी कंपनियों पर निर्भर रहने के बड़े खतरे को सामने ला दिया है. इसी को देखते हुए डिपॉजिट और एसेट्स के मामले में देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने अपने जरूरी डिजिटल बैंकिंग और पेमेंट प्लेटफॉर्म को इनहाउस यानी अपने खुद के कंट्रोल में लाने का फैसला किया है.

बैंक के ग्रुप हेड ऑफ आईटी और चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर रमेश लक्ष्मीनारायणन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वे अपने कार्ड प्लेटफॉर्म, जिनमें MyCards और OnlyCards शामिल हैं, उन्हें इनहाउस ला रहे हैं. इसके अलावा PayZapp को भी बैंक के अपने सिस्टम में लाने की प्रक्रिया चल रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि कई अन्य थर्डपार्टी एप्लिकेशंस को भी अब बैंक खुद ही संभालेगा.
70 फीसदी ऐप्स पर होगा बैंक का सीधा कंट्रोल
HDFC Bank की योजना आने वाले कुछ सालों में अपने 60 से 70 फीसदी मुख्य एप्लिकेशंस को खुद तैयार करने और उन्हें मैनेज करने की है. इसमें खास तौर पर मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग, कोर पेमेंट्स और एपीआई मैनेजमेंट जैसे जरूरी प्लेटफॉर्म शामिल हैं. रमेश लक्ष्मीनारायणन का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म बैंक के लिए सबसे कीमती हैं. इन्हें सुरक्षित रखने और बाजार में आगे बने रहने के लिए बैंक के पास अपनी खुद की टेक्नोलॉजी क्षमता होना बेहद जरूरी है. इसके साथ ही बैंक एपीआई ऑथेंटिकेशन, सर्टिफिकेट मैनेजमेंट और थर्डपार्टी कनेक्शन की निगरानी को भी पहले से ज्यादा मजबूत कर रहा है.
छोटे कारोबारियों के लिए बंद हुआ BizX प्लेटफॉर्म
ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं में तकनीकी कमियों के कारण HDFC Bank पहले भी नियामक पाबंदियों का सामना कर चुका है. अब बैंक कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहता. इसी कड़ी में बैंक ने छोटे कारोबारियों के लिए चलाए जा रहे थर्डपार्टी प्लेटफॉर्म BizX को बंद कर दिया है. हालांकि ग्राहकों को परेशानी न हो, इसके लिए BizX के सभी फीचर्स को बैंक के मौजूदा सिस्टम में ही जोड़ दिया गया है.
तीन महीने में 300 करोड़ का नुकसान, अलर्ट पर एजेंसियां
बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर के बोर्डरूम में इन दिनों थर्डपार्टी रिस्क सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है. पिछले तीन महीनों में साइबर हमलों की बाढ़ आ गई है. इन हमलों में NBFCs को 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान झेलना पड़ा है और देशभर में साइबर फ्रॉड की 150 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं. अकेले अक्टूबर महीने में ही करीब 20 फाइनेंशियल संस्थान इन हमलों का शिकार हुए. इनमें पार्टनरबैंक के लॉगिन डिटेल्स चोरी होने और पेमेंट एपीआई की कमियों का फायदा उठाया गया था.
सरकारी एजेंसी CERTIn ने भी इसे लेकर कई बार चेतावनी जारी की है. एजेंसी ने साफ कहा है कि साइबर अपराधी फिनटेक प्लेटफॉर्म, पेमेंट गेटवे और थर्डपार्टी टेक इंटीग्रेशन की कमजोरियों का फायदा उठाकर बिना अनुमति के पैसे ट्रांसफर कर रहे हैं. 20 नवंबर को जारी अपनी ताजा एडवाइजरी में एजेंसी ने बताया कि ये हमले अब सिर्फ फाइनेंशियल संस्थानों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सरकारी पेमेंट और वेंडर पेआउट संभालने वाली टेक कंपनियों तक भी फैल चुके हैं.
पुराने सिक्योरिटी तरीके अब नहीं आ रहे काम
साइबर अपराधियों के तरीके अब पहले से कहीं ज्यादा हाईटेक हो चुके हैं. लक्ष्मीनारायणन का मानना है कि थर्डपार्टी रिस्क को संभालने के पुराने तरीके, जो मुख्य रूप से समयसमय पर होने वाले ऑडिट और सिक्योरिटी सर्टिफिकेट पर टिके होते हैं, अब काफी नहीं हैं. बदलते खतरों से निपटने के लिए बैंक का अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा नियंत्रण होना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है.



