केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन के जरिए महिलाओं को आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है. इसके तहत सभी राज्यों में सीटों की संख्या में समान अनुपात में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी, और यह व्यवस्था 2051 तक लागू रहेगी. सरकार ने लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को बुलाया है. पहले संभावना जताई जा रही थी कि बिल को लोकसभा में पेश किया जा सकता है. अब केंद्रीय कैबिनेट की मुहर लगते ही इस बात की पुष्टि भी हो गई है.

दरअसल दक्षिण भारत के राज्य बात पर चिंता जता रहे थे कि लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी कम हो जाएगी. लेकिन अब सरकार ने इस चिंता को ही दूर कर दिया है. अब सभी राज्यों की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ जाएंगी. इसी पर मंथन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ पर केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग बुलाई गई थी, जिसमें सभी मंत्रियों को मौजूद रहने के लिए कहा गया था.

कितनी सीटें बढ़ सकती हैं?

परिसीमन के बाद लोकसभा में कुल सीटों की संख्या 850 हो सकती है. परिसीमन बिल के साथ सरकार ने महिला आरक्षण को भी मर्ज किया है. इससे 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की 33 फीसदी भागीदारी भी सुनिश्चित हो जाएगी. उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120, बिहार में 40 से 60, महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और तमिलनाडु में 39 से करीब 59 हो सकती हैं.

सुप्रिया सुले बोलीं मैं कुछ नहीं कह सकती

एनसीपी की नेता सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है. जब तक मुझे एजेंडा नहीं मिल जाता, मैं कुछ नहीं कह सकती. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। मुझे परिसीमन विधेयक के बारे में कुछ नहीं पता। मैंने अभी तक वह विधेयक देखा भी नहीं है. इसके पहले सुप्रिया सुले ने परिसीमन बिल का समर्थन करने के संकेत दिए थे. उन्होंने कहा था कि देशहित में बिल का समर्थन किया जाएगा. सुप्रिया सुले के बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत भी गरमा गई थी.

उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर हमला बोला था. उन्होंने आरोप लगाया था कि बिल पास कराने के लिए सरकार हॉर्स ट्रेडिंग कर रही है और 150 करोड़ रुपये में वोट खरीदा जा रहा है. राउत ने कहा था कि बिल का समर्थन करने वाले 21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दार होंगे. दूसरी तरफ डीएमके के भी बिल को समर्थन देने का दावा किया जा रहा है. हालांकि स्टालिन ने साफ किया है कि बिल पर उनका रुख अडिग है.