Apple ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone Duo लॉन्च कर दिया है. फोन के लॉन्च के साथ ही इसकी कीमत भी चर्चा में आ गई है. खासकर इसका 2TB स्टोरेज वाला मॉडल काफी महंगा है. इसकी कीमत 4.49 लाख रुपये रखी गई है. अब सवाल यह है कि इतने पैसे में क्या खरीदा जा सकता है? एक स्मार्टफोन और कार की तुलना थोड़ी अजीब जरूर लग सकती है, लेकिन iPhone Duo की कीमत इतनी ज्यादा है कि इस बजट में भारत में एक नई कार तक खरीदी जा सकती है. चलिए आपको बताते हैं आप इस कीमत में कौनकौन सी कार खरीद सकते हैं.

मारुति सुजुकी एसप्रेसो

देश की सबसे सस्ती कारों में शामिल है. छोटी होने के बावजूद इसका डिजाइन SUV जैसा दिखाई देता है. शहर में चलाने के लिए इसका छोटा आकार काफी काम आता है. इसमें 1.0लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. बेहतर माइलेज के लिए इसमें इंजन को जरूरत के हिसाब से अपने आप बंद और चालू करने की सुविधा भी दी गई है. इसकी कीमत 3.49 लाख से 5.27 लाख रुपये, एक्सशोरूम है.

मारुति सुज़ुकी ऑल्टो K10

लंबे समय से भारतीय ग्राहकों के बीच पसंद की जाने वाली छोटी कार है. कम कीमत और आसान रखरखाव इसकी बड़ी खूबियां हैं.इसमें 1.0लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. ग्राहक इसमें मैनुअल या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स चुन सकते हैं. ज्यादा माइलेज चाहने वालों के लिए इसका CNG मॉडल भी उपलब्ध है. इसकी कीमत 3.69 लाख से 5.44 लाख रुपये, एक्सशोरूम है.

रेनॉल्ट क्विड

रेनॉल्ट क्विड अपने SUV जैसे लुक के कारण छोटी कारों में अलग नजर आती है. इसमें 1.0लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. कार में 8इंच टचस्क्रीन, LED DRL, दो एयरबैग, ABS और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर मिलते हैं. हालांकि इसकी शुरुआती कीमत iPhone Duo के 2TB मॉडल से थोड़ी ज्यादा है. इसकी कीमत 4.53 लाख से 5.60 लाख रुपये, एक्सशोरूम है.

टाटा टियागो

टाटा टियागो भी इस बजट में एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। डीलरशिप पर मिलने वाली छूट के बाद इसका शुरुआती मॉडल करीब 4.5 लाख रुपये के आसपास पड़ सकती है.Tiago में पेट्रोल और CNG दोनों ऑप्शन मिलते हैं. इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी है. इसका इलेक्ट्रिक मॉडल Tiago EV भी बाजार में मौजूद है. इसकी कीमत 4.70 लाख से 8.55 लाख रुपये, एक्सशोरूम है.

मारुति सुज़ुकी सेलेरियो

Celerio अपनी अच्छी माइलेज और शहर में आसान ड्राइविंग के लिए जानी जाती है. इसमें 1.0लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है और मैनुअल के साथ AMT का ऑप्शन भी दिया गया है. Celerio का CNG मॉडल भी उपलब्ध है, जो कम खर्च में ज्यादा चलने वाले लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है. इसकी कीमत 4.69 लाख से 6.75 लाख रुपये, एक्सशोरूम है.

फोन या कार ये फैसला आपका

iPhone Duo का 2TB मॉडल 4.49 लाख रुपये का है. इतनी रकम में आप SPresso या Alto K10 जैसी कार खरीद सकते हैं. कुछ बजट बढ़ाकर Kwid, Tiago या Celerio जैसे ऑप्शन भी देखे जा सकते हैं. यानी अगर आपके सामने iPhone Duo और नई कार में से किसी एक को चुनने का सवाल है, तो यह तुलना जरूर सोचने पर मजबूर कर सकती है कि लाखों रुपये स्मार्टफोन पर खर्च करना बेहतर है या उसी रकम से घर में एक नई कार लाना.