
JEE Success Story: मेहनत, लगातार अभ्यास और शिक्षकों की सही गाइडेंस किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की राह आसान बना सकती है. राजकोट की रहने वाली द्विजा धर्मेशकुमार पटेल की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। IIT बॉम्बे जोन से आने वाली द्विजा ने JEE Advanced में ऑल इंडिया रैंक 7 (AIR 7) हासिल की और लड़कियों की कैटेगरी में ऑल इंडिया टॉपर बनीं.
द्विजा के लिए यह सफलता खास थी, क्योंकि उन्हें खुद भी उम्मीद नहीं थी कि वह लड़कियों में देशभर में पहला स्थान हासिल करेंगी. अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने इसे अपनी मेहनत और शिक्षकों से मिले मार्गदर्शन का परिणाम बताया.
10वीं में 99.1% अंक, शुरू से पढ़ाई में आगे
द्विजा की पढ़ाई की नींव राजकोट में तैयार हुई. उन्होंने 10वीं की परीक्षा में 99.1 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. पढ़ाई के प्रति उनकी गंभीरता आगे भी बनी रही और उन्होंने इंजीनियरिंग को अपने करियर के रूप में चुना. उनके परिवार का भी शिक्षा से मजबूत संबंध है. द्विजा के पिता स्कूल में गणित के शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. परिवार से मिले सहयोग और पढ़ाई के माहौल ने भी उनके लक्ष्य की दिशा तय करने में भूमिका निभाई.
इंजीनियर अंकल से मिली प्रेरणा, JEE को बनाया लक्ष्य
द्विजा ने अपने इंजीनियर अंकल से प्रेरित होकर इंजीनियरिंग की राह चुनी. इसके बाद उन्होंने JEE की तैयारी शुरू की. मेहनत का असर JEE Main में भी दिखाई दिया, जहां उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 58 हासिल की. JEE Main के बाद उनके सामने अगली चुनौती JEE Advanced थी. उन्होंने तैयारी के तरीके में बदलाव करते हुए ज्यादा से ज्यादा प्रैक्टिस पेपर हल करने पर ध्यान दिया.
प्रैक्टिस पेपर बने तैयारी का अहम हिस्सा
द्विजा के मुताबिक, JEE Main का रिजल्ट आने के बाद उन्होंने JEE Advanced की तैयारी के दौरान लगातार प्रैक्टिस पेपर सॉल्व किए. उनका मानना था कि सिर्फ पढ़ना ही काफी नहीं है, बल्कि परीक्षा के पैटर्न के अनुसार सवालों को हल करना और अपनी गलतियों को समझना भी जरूरी है. उनकी तैयारी में कड़ी मेहनत और ज्यादा से ज्यादा प्रैक्टिस पेपर हल करना अहम हिस्सा रहा. इसके साथ ही उन्होंने कक्षा में शिक्षकों से मिलने वाली गाइडेंस को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया.
IIT Bombay में कंप्यूटर साइंस पढ़ने का सपना
JEE में शानदार प्रदर्शन के बाद द्विजा का लक्ष्य स्पष्ट था. वह IIT Bombay से कंप्यूटर साइंस में B.Tech करना चाहती थीं. उनका सपना सिर्फ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वह आगे चलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के क्षेत्र में रिसर्च करना चाहती हैं. द्विजा अब अपने सपने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. फिलहाल वह IIT Bombay के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग कार्यक्रम में दूसरे वर्ष की छात्रा हैं.
द्विजा पटेल की सफलता से क्या सीख मिलती है?
द्विजा की कहानी बताती है कि बड़े लक्ष्य के लिए तैयारी करते समय नियमित अभ्यास, गलतियों से सीखना और सही मार्गदर्शन महत्वपूर्ण हो सकते हैं. JEE Main में AIR 58 से लेकर JEE Advanced में AIR 7 और लड़कियों की कैटेगरी में ऑल इंडिया टॉपर बनने तक का उनका सफर मेहनत और निरंतर तैयारी की मिसाल पेश करता है.



