डायल 112, दारू और डर्टी टॉक! अलीगढ़ में शर्मनाक करतूत पर सस्पेंड हो गए 4 पुलिसवाले..

UP News: अलीगढ़ में शराब के नशे में धुत डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने सरकारी गाड़ी नाले में पलट दी। क्रेन चालक द्वारा मेहनताना मांगने पर नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने उसकी जूतों से पिटाई कर दी।

Aligarh News
वर्दी हुई शर्मसार

सूरज मौर्या, अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सरकारी वाहन को नाले में पलट दिया। इतना ही नहीं, जब नाले में फंसी पुलिस गाड़ी को बाहर निकालने पहुंचे क्रेन चालक ने मेहनताना मांगा तो नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने उसे जूतों से पीट दिया।

इस पूरी घटना का वीडियो क्रेन चालक ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो के बाद एसएसपी ने लिया संज्ञान

मामले से जुड़े वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज जादौन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डायल 112 पर तैनात सिपाही मनोज और कृष्ण को निलंबित कर दिया।

पुलिस की आंतरिक जांच में यह भी सामने आया कि डायल 112 वाहन की मॉनिटरिंग में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। इसके चलते पीआरवी की निगरानी में तैनात दरोगा मुकेश और उदयवीर को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

गांधी पार्क थाना क्षेत्र की है घटना

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गांधी पार्क थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात पीआरवी–डायल 112 की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने सूखे नाले में पलट गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में थे। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।

राहगीरों की जान बची, सरकारी वाहन को नुकसान

हालांकि इस हादसे में किसी राहगीर को चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन इस दुर्घटना में सरकारी वाहन को भारी नुकसान हुआ है।

घटना के बाद नाले में फंसी गाड़ी को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान क्रेन चालक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मामूली मेहनताना मांगने पर नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जूतों से मारपीट की।

विभागीय कार्रवाई के बाद भी उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान अनुशासन और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की विभागीय जांच जारी है और पुलिस प्रशासन आगे की कार्रवाई की बात कह रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *