Airtel Q1 Results: देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही के बेहद शानदार नतीजे जारी किए हैं. बाजार की तमाम उथलपुथल के बीच कंपनी ने मुनाफे का एक मजबूत आंकड़ा पेश किया है. कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 11.5 प्रतिशत की उछाल के साथ 8,167 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. हालांकि, बाजार के जानकारों ने मुनाफे के 8,374 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था, जिससे यह आंकड़ा मामूली रूप से कम है. इ

सके बावजूद कंपनी की कुल आमदनी तिमाही आधार पर 5.7 प्रतिशत बढ़कर 58,539 करोड़ रुपये हो गई है, जिसने बाजार के 57,054 करोड़ रुपये के अनुमान को पीछे छोड़ दिया है. इस दौरान कंपनी का EBITDA 6.7 प्रतिशत बढ़कर 33,599 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. मार्जिन के मोर्चे पर भी 57.4 प्रतिशत का शानदार सुधार दिखा है.

पोस्टपेड ग्राहकों का नया रिकॉर्ड

ग्राहकों को अपने नेटवर्क से जोड़ने के मामले में यह तिमाही एयरटेल के लिए ऐतिहासिक रही है. कंपनी ने केवल तीन महीनों में 10 लाख नए पोस्टपेड ग्राहक बनाए हैं. यह एयरटेल के पूरे इतिहास में किसी एक तिमाही की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. इसके साथ ही नेटवर्क से 50 लाख नए स्मार्टफोन यूजर भी जुड़े हैं. अब स्थिति यह है कि कंपनी के कुल मोबाइल ग्राहकों में 80 प्रतिशत लोग स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी का असर है कि प्रति ग्राहक औसत कमाई पिछले साल के 250 रुपये से बढ़कर अब 264 रुपये हो गई है. प्रति ग्राहक मासिक मोबाइल डेटा की खपत भी 36 प्रतिशत बढ़कर 34.4 GB के उच्च स्तर पर पहुंच गई है.

ब्रॉडबैंड के साथ विदेशी कारोबार में भी छलांग

कंपनी सिर्फ मोबाइल सेवा तक सीमित नहीं है. एयरटेल के होम ब्रॉडबैंड कारोबार के रेवेन्यू में 4.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले एक साल में कंपनी ने 37 लाख नए होम ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े हैं, जिनमें से 4.73 लाख ग्राहक इसी तिमाही में शामिल हुए हैं. एयरटेल बिजनेस की आय भी 3.2 प्रतिशत बढ़ी है. अफ्रीका के कारोबार में स्थिर मुद्रा के आधार पर 5.7 प्रतिशत की अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है. हाल ही में कंपनी ने शेयर स्वैप डील के जरिए वहां अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 79 प्रतिशत के पार कर ली है. अपने नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए एयरटेल ने इस तिमाही में 13,386 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश किया है, जिसमें से 9,698 करोड़ रुपये केवल भारत में खर्च किए गए हैं.

शेयर बाजार में निवेशकों का रुख

इन शानदार नतीजों के बावजूद मंगलवार को शेयर बाजार में एयरटेल के स्टॉक में मामूली सुस्ती देखने को मिली. शेयर 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,955.10 रुपये पर बंद हुआ. पिछले छह महीनों के दौरान स्टॉक में करीब 3.49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि एक साल की अवधि में इसने निवेशकों को 2 प्रतिशत का मामूली रिटर्न दिया है. वर्तमान में कंपनी का कुल मार्केट कैप 11.72 लाख करोड़ रुपये बना हुआ है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.