SpiceJet Crisis: देश की किफायती एयरलाइन स्पाइसजेट इस वक्त अपने सबसे बड़े संकट के दौर से गुजर रही है. हालत ये हो गई है कि अब आम यात्रियों से लेकर निवेशकों तक के मन में एक ही बड़ा सवाल घूम रहा है कि क्या स्पाइसजेट पूरी तरह ग्राउंड होने की कगार पर पहुंच चुकी है. एविएशन सेक्टर के रेगुलेटर यानी डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने 17 नवंबर को एयरलाइन को सख्त कारण बताओ नोटिस जारी किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लगातार बिगड़ते कामकाज, उड़ानों के रद्द होने और नियमों के कथित उल्लंघन के बाद रेगुलेटर को ये कड़ा कदम उठाना पड़ा.

कंपनी के पास अपनी स्थिति साफ करने के लिए सिर्फ सात दिन का समय है. अगर स्पाइसजेट तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाती है, तो उसके ऑपरेशन पर संकट और गहरा सकता है. सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि एयरलाइन के ज्यादातर विमान पहले से ही जमीन पर खड़े हैं और कंपनी के पास इन्हें दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने का कोई ठोस प्लान नहीं है.
क्या ग्राउंड हो जाएगी स्पाइसजेट, DGCA ने क्यों दी सख्त चेतावनी?
DGCA ने अपने नोटिस में स्पाइसजेट के कामकाज को लेकर बेहद गंभीर टिप्पणियां की हैं. रेगुलेटर का साफ कहना है कि एयरलाइन का ऑपरेशनल परफॉर्मेंस लगातार गिर रहा है. विमानों के समय पर उड़ान भरने का रिकॉर्ड यानी ऑनटाइम परफॉर्मेंस खराब हुआ है. फ्लाइट्स में देरी और उनके रद्द होने के मामले तेजी से बढ़े हैं. इसके अलावा कंपनी अपने मंजूर किए गए फ्लाइट शेड्यूल का पालन करने में भी नाकाम रही है.
नोटिस में सबसे अहम बात विमानों के बेड़े को लेकर कही गई है. DGCA ने साफ शब्दों में लिखा है कि स्पाइसजेट के बेड़े के ज्यादातर विमान ग्राउंड हो चुके हैं. कंपनी इन खड़े विमानों को दोबारा सर्विस में वापस लाने के लिए कोई भरोसेमंद योजना भी नहीं सौंप पाई है. इसके साथ ही उड़ानों में देरी और रद्दीकरण के कारण यात्रियों को होने वाली भारी परेशानी पर भी रेगुलेटर ने नाराजगी जताई है. DGCA का मानना है कि मुश्किल वक्त में यात्रियों की मदद के लिए कंपनी की तरफ से किए गए इंतजाम नाकाफी हैं.
66 की मंजूरी, उड़ रहीं सिर्फ 15 फ्लाइट्स, यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
जमीनी हकीकत कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा विंटर शेड्यूल के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, DGCA ने विंटर शेड्यूल के तहत स्पाइसजेट को रोजाना करीब 66 फ्लाइट्स चलाने की मंजूरी दी थी. लेकिन हकीकत ये है कि एयरलाइन मुश्किल से रोजाना सिर्फ 15 फ्लाइट्स ही उड़ा पा रही है. हैरानी की बात ये है कि इसके बावजूद कंपनी अपने पूरे पब्लिश्ड शेड्यूल के लिए टिकटों की बुकिंग लगातार ले रही है.
ऐसे में जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं, उन्हें ऐन वक्त पर फ्लाइट रद्द होने का झटका लग रहा है. आखिरी समय में उड़ान रद्द होने से यात्रियों के सामने सफर का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऑपरेटर DIAL को इस वजह से लगातार दूसरे दिन यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करनी पड़ी. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में दिल्ली एयरपोर्ट ने साफ चेतावनी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं. एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले फ्लाइट के ताजा स्टेटस और अपने ट्रैवल प्लान के लिए सीधे स्पाइसजेट से संपर्क करें. कम उड़ानें चलने से सफर के विकल्प सिमट रहे हैं और यात्रियों को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है.
Passenger Advisory Issued at 12:30 hrs.
For Live flight status: https://t.co/1CVJNL6Ry1
#DelhiAirport #PassengerAdvisory #DELAdvisory https://t.co/JhV6x5VDPi— Delhi Airport November 20, 2026
आधे पर सिमटा मार्केट शेयर, शेयर बाजार में भी लगा बड़ा झटका
लगातार बढ़ते आर्थिक संकट और नकदी की भारी कमी का सीधा असर स्पाइसजेट की बाजार हिस्सेदारी पर पड़ा है. आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में स्पाइसजेट का घरेलू मार्केट शेयर 1.2 फीसदी था, जो सितंबर में गिरकर ठीक आधा यानी सिर्फ 0.6 फीसदी रह गया. फ्लाइट्स में देरी और लगातार उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्रियों का भरोसा कम हुआ है और कंपनी बाजार में लगातार पिछड़ती जा रही है.
DGCA के नोटिस की खबर सामने आते ही शेयर बाजार में भी कंपनी के स्टॉक पर दबाव दिखा. शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर स्पाइसजेट का शेयर करीब 5 फीसदी टूटकर 9.74 रुपये पर आ गया था. इतना ही नहीं, BSE ने भी एयरलाइन से DGCA के कारण बताओ नोटिस से जुड़ी खबरों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा है. दिलचस्प बात ये है कि DGCA का ये नोटिस ठीक उस दिन से एक दिन पहले आया, जब स्पाइसजेट के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी.
बीमा पर संकट, विदेशी एजेंसियों की चिंता, पुराना जुर्माना भी बाकी
स्पाइसजेट की मुश्किलें सिर्फ घरेलू उड़ानों और पैसों की तंगी तक ही सीमित नहीं हैं. DGCA ने अपने नोटिस में कई अन्य गंभीर कमियों की तरफ भी इशारा किया है. इसमें अनिवार्य बीमा कवर के रिन्यूअल को लेकर बनी अनिश्चितता एक बड़ा मुद्दा है. इसके अलावा विदेशी एविएशन अथॉरिटीज ने भी एयरलाइन के कामकाज में आ रही रुकावटों पर चिंता जताई है. आरोप है कि सर्विस प्रोवाइडर्स को समय पर भुगतान न होने के कारण ये दिक्कतें आ रही हैं.
रेगुलेटर ने कंपनी से ये भी पूछा है कि बारबार याद दिलाने के बावजूद उसने पहले लगाया गया जुर्माना अभी तक क्यों नहीं चुकाया है. दरअसल, नियमों के उल्लंघन के मामले में DGCA ने मई महीने में भी एयरलाइन पर जुर्माना लगाया था. नोटिस में ये भी कहा गया है कि स्पाइसजेट तय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए जरूरी पात्रता शर्तों को पूरा करने में फेल रही है. इसके साथ ही पहले हुई सख्त कार्रवाई के बावजूद कंपनी ने बारबार रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस का उल्लंघन किया है.
अब सबकी निगाहें आने वाले सात दिनों पर टिकी हैं. स्पाइसजेट के सामने दोहरी चुनौती है. एक तरफ उसे DGCA के कड़े सवालों का ठोस जवाब देना है और दूसरी तरफ 5,500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना के सहारे अपने खड़े विमानों को फिर से आसमान में उड़ाना है. अगर कंपनी जल्द अपने हालात नहीं संभाल पाई, तो यात्रियों की परेशानी और कंपनी का वजूद दोनों ही बड़े खतरे में पड़ सकते हैं.
