Featured Image

Lucknow News: लखनऊ की व्यस्त सड़क पर एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शनिवार शाम पॉलिटेक्निक-कमता रोड पर पुलिस लिखी सफेद कार सवार युवक ने पैदल जा रही युवती का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया. युवती ने विरोध किया तो भी आरोपी नहीं रुका. आखिरकार परेशान और डरी युवती ने वूमेन पावर लाइन 1090 पर फोन कर मदद मांगी. इसके बाद उसने गाजीपुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी. पुलिस ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पॉलिटेक्निक से कमता जा रही थी युवती

इंदिरानगर निवासी युवती के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे वह पॉलिटेक्निक से कमता की तरफ पैदल जा रही थी. इसी दौरान एक सफेद रंग की फ्रोंक्स कार उसके पीछे आ गई. युवती का कहना है कि कार के आगे और पीछे ‘पुलिस’ लिखा हुआ था. कुछ देर बाद कार को युवती के पास रोककर उसमें सवार युवक ने उससे बात करने की कोशिश की. युवती ने बात करने से इनकार कर दिया और आगे बढ़ गई.

मना करने के बाद भी कार सवार ने नहीं छोड़ा पीछा

युवती के मुताबिक, इसके बाद कार सवार युवक ने उसका पीछा शुरू कर दिया. वह कभी कार को युवती के बराबर में लाता तो कभी आगे ले जाकर रोक देता. आरोप है कि युवक बार-बार युवती से साथ चलने के लिए कह रहा था. युवती ने जब साफ तौर पर मना कर दिया, इसके बाद भी वह पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। करीब दो किलोमीटर तक यह सिलसिला चलता रहा.

कार पर पुलिस लिखा देखकर और घबरा गई युवती

बताया गया कि शाम करीब 7 बजे पॉलिटेक्निक-कमता रोड पर काफी भीड़ रहती है. इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार से युवती परेशान हो गई. कार पर ‘पुलिस’ लिखा देखकर उसे यह आशंका भी हुई कि कहीं कार सवार व्यक्ति पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ तो नहीं है. इसी वजह से उसकी घबराहट और बढ़ गई.

1090 पर फोन कर मांगी मदद, थाने में दी तहरीर

युवती ने हिम्मत जुटाकर पहले वूमेन पावर लाइन 1090 पर घटना की सूचना दी. इसके बाद वह थाने पहुंची और पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी. युवती ने पुलिस से रास्ते में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने और फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ने की मांग की है. पुलिस ने रविवार को अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया.

निजी कार पर ‘पुलिस’ क्यों लिखा था, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले में कार पर ‘पुलिस’ लिखे होने को भी गंभीरता से जांच रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निजी कार पर पुलिस क्यों लिखा गया था और उसे चला कौन रहा था. फिलहाल पुलिस रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है.