इटली की प्रीमियम सुपरबाइक कंपनी ने भारत में अपनी नई 2026 Multistrada V4 Rally लॉन्च कर दी है. इस एडवेंचर टूरिंग बाइक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत ₹32.40 लाख है. कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में इसकी बुकिंग शुरू कर दी थी और अब यह बाइक देशभर के Ducati डीलरशिप पर उपलब्ध है.

नई Ducati Multistrada V4 Rally को 2 कलर में लॉन्च किया गया है. Ducati Red की कीमत ₹32.40 लाख है, जबकि Jade Green वाला मॉडल ₹32.73 लाख में मिलेगा. कंपनी का कहना है कि 2026 मॉडल में कई नए बदलाव किए गए हैं. खासतौर पर इसे लंबी दूरी की यात्रा को ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बनाने पर फोकस किया गया है. कंपनी का दावा है कि यह बाइक अब हर तरह की सड़क पर पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी.
खास है बाइक का इंजन
इस 32 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली बाइक की सबसे खास बात इसका इंजन है. इसमें 1.2लीटर Ducati V4 Granturismo इंजन दिया गया है, जो 168 bhp की अधिकतम पावर और 123 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है. यह इंजन शानदार प्रदर्शन के साथ लंबी दूरी की राइडिंग के लिए भी उपयुक्त माना जाता है. भारत में इतना बड़ा इंजन आमतौर पर कारों के अंदर मिलता है. मारुति बलेनो जैसी कारें 1.2लीटर यानी 1200 cc के आसपास की कैपेसिटी के साथ आती है.
बाइक में बेहतर कंट्रोल
कंपनी ने इस इंजन में रियर सिलेंडर बैंक डीएक्टिवेशन सिस्टम को भी अपडेट किया है. अब कम स्पीड पर यह सिस्टम ज्यादा समय तक सक्रिय रहेगा, जिससे ईंधन की बचत बेहतर होगी. इसके अलावा इसमें MotoGP से प्रेरित काउंटररोटेटिंग क्रैंकशाफ्ट दिया गया है, जो बाइक को मोड़ते समय ज्यादा संतुलित और फुर्तीला बनाता है. नई बाइक में नई पीढ़ी का Ducati Quick Shift सिस्टम भी दिया गया है. इसकी मदद से गियर बदलना पहले से ज्यादा तेज और स्मूद हो गया है.
टायर
नई Multistrada V4 Rally में 19इंच का फ्रंट और 17इंच का रियर स्पोक व्हील दिया गया है, जिन पर ट्यूबलेस Pirelli Scorpion Trail II टायर लगे हैं. इसके साथ टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर मिलता है, जिससे टायर का प्रेशर हमेशा मॉनिटर किया जा सकता है.
फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो बाइक में 6.5इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है, जिससे सभी इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स को कंट्रोल किया जा सकता है. इसमें 3 पावर मोड और 5 राइडिंग मोड Sport, Touring, Wet, Urban और Enduro दिए गए हैं. राइडर अपनी जरूरत और सड़क की स्थिति के अनुसार इनमें से किसी भी मोड का इस्तेमाल कर सकता है.
सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के लिए इसमें Engine Brake Control, Traction Control, Wheelie Control और नया Combined Braking System दिया गया है. यह सिस्टम आगे और पीछे के ब्रेक को एक साथ बेहतर तरीके से कंट्रोल करता है, जिससे बाइक ज्यादा स्थिर रहती है.



