Banka News: बिहार के बांका जिले से पुलिस की तत्परता और जांच का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बांका सदर थाना पुलिस ने पिछले 5 सालों से लापता दो युवतियों और कॉलेज से इंटर की मार्कशीट लेने निकली एक नाबालिग छात्रा को सकुशल ढूंढ निकाला है. जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इंटर की मार्कशीट लेने घर से निकली छात्रा अब दो बच्चों की मां बन चुकी है. जबकि, अन्य दो लड़कियों ने अपनेअपने प्रेमियों से शादी कर ली है. पुलिस की इस बड़ी सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है.

पुलिस जांच और दर्ज मामलों के अनुसार, बांका शहर के अहमद नगर मोहल्ले से वर्ष 2021 में आरसीना नाम की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत पर बांका सदर थाने में कांड संख्या 159/21 के तहत अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई थी. सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र स्थित मोहद्दीपुर गांव में छापेमारी कर आरसीना को बरामद किया.

जगतपुर से लापता अनुराधा समस्तीपुर में मिली, प्रेमी से रचाई शादी

दूसरे मामले में भी समस्तीपुर से युवती को सकुशल बरामद किया गया. बांका के जगतपुर मोहल्ले से वर्ष 2021 में अनुराधा कुमारी लापता हुई थी, जिसके संबंध में सदर थाना कांड संख्या 1016/21 दर्ज किया गया था. पुलिस की विशेष टीम ने समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव में दबिश देकर अनुराधा को बरामद कर लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद दोनों युवतियों ने अपनेअपने प्रेमियों के साथ विवाह कर लिया है और अपनी गृहस्थी बसा ली है.

इंटर की मार्कशीट लेने निकली थी छात्रा, अब 2 बच्चों की मां

तीसरा और सबसे हैरान करने वाला मामला बांका सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है. एक नाबालिग छात्रा 5 साल पहले अपने कॉलेज से इंटरमीडिएट की मार्कशीट लेने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं पहुंची. काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई थी. पुलिस ने जब गहन तफ्तीश के बाद उसे बरामद किया, तो पता चला कि इतने सालों के दौरान वह अपने प्रेमी के साथ रह रही थी और अब दो बच्चों की मां बन चुकी है.

मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान के बाद आगे की कार्रवाई

सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि सालों से लंबित इन मामलों में बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है. तीनों लड़कियों को बांका लाया गया है. नियमानुसार उनकी चिकित्सीय जांच कराई जा रही है और न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की लागू धाराओं के तहत बयान दर्ज कराए जा रहे हैं. कोर्ट में दर्ज होने वाले बयानों और फॉरेंसिक/चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।