Featured Image

राजस्थान के पाली जिले में पंचायत चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टी को कमरे में बंद करने और परिसीमन के विरोध में मतदान बहिष्कार के मामले सामने आए हैं. पाली जिले के बगड़ी नगर क्षेत्र के करमावास पट्टा गांव में सरपंच चुनाव के बाद पोलिंग पार्टी को कथित तौर पर कमरे में बंद किए जाने की सूचना से हंगामा हो गया. जानकारी के अनुसार, सरपंच चुनाव में हार के बाद नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताया और पोलिंग पार्टी को रोक लिया. घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया.

पोलिंग पार्टी को रोके जाने की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस हरकत में आए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया. कड़ी मशक्कत के बाद पोलिंग पार्टी को सुरक्षित गांव से बाहर निकाला गया. घटना के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.

घटनाक्रम के बीच एक प्रतिनिधिमंडल ने आरओ भागीरथ चौधरी को पूरे मामले से अवगत कराया. फिलहाल करमावास पट्टा गांव में स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है.

परिसीमन के विरोध में मतदान का बहिष्कार

वहीं, पाली जिले में पंचायत चुनाव के दौरान पंचायत मुख्यालय में बदलाव और परिसीमन के विरोध में मतदान बहिष्कार के मामले सामने आए हैं. रानी तहसील के डुठारिया गांव और सोजत पंचायत समिति क्षेत्र के हरिपुर गांव की एक ढाणी में ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जताते हुए मतदान से दूरी बनाई. ग्रामीणों के विरोध के चलते मतदान केंद्रों पर सन्नाटा नजर आया. वहीं, प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाकर मतदान के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए गए.

डुठारिया में 2398 मतदाताओं में से सिर्फ एक ने डाला वोट

रानी तहसील के डुठारिया गांव में ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय बदलने के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भादरलाऊ पंचायत मुख्यालय के स्थान पर इंटदरा मेड़तियान को मुख्यालय बनाए जाने से उन्हें परेशानी हो रही है. मुख्यालय बदलने के कारण ग्रामीणों को करीब 8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.

इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. गांव के कुल 416 मतदाताओं में से केवल एक मतदाता द्वारा मतदान किए जाने की जानकारी सामने आई है. ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया, जबकि प्रशासन उन्हें समझाने में जुटा रहा.

हरिपुर की ढाणी में 308 मतदाताओं ने बनाई दूरी

सोजत पंचायत समिति क्षेत्र के हरिपुर गांव की एक ढाणी में भी परिसीमन के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाई. ग्रामीणों का कहना है कि परिसीमन को लेकर उनकी नाराजगी बनी हुई है. इसी के चलते उन्होंने पंच-सरपंच चुनाव में सामूहिक रूप से मतदान नहीं करने का निर्णय लिया.

जानकारी के अनुसार, ढाणी में कुल 308 मतदाता हैं और विरोध के चलते किसी भी मतदाता ने अपने मताधिकार का उपयोग नहीं किया. ग्रामीणों का विरोध चुनावी माहौल के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

हरिपुर में मतदान बहिष्कार के पीछे स्थानीय स्तर पर पंचायत मुख्यालय में बदलाव और परिसीमन से जुड़ी नाराजगी प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं. ग्रामीण अपनी मांगों पर समाधान चाहते हैं.