कटनी में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की भिड़ंत में 4 युवकों की मौत, 5 घायल!

कटनी में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की भिड़ंत में 4 युवकों की मौत, 5 घायल

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सोमवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया. महाराष्ट्र में मेहनत-मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे तीन युवकों की मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक दुर्घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे जगतपुर-उमरिया मार्ग पर हुई. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कटनी रेलवे स्टेशन से अपने गांव की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर दंग रह गए और तुरंत मौके पर पहुंचे.

अपनों को लेने गया था दोस्त, चारों की एक साथ निकली अर्थी

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि रामकिशोर (26), रामदास (18) और इंद्रभान (25) लंबे समय बाद महाराष्ट्र से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे. उनका दोस्त धीरेंद्र सिंह (18) उन्हें रिसीव करने के लिए अपनी बाइक से कटनी रेलवे स्टेशन गया था. परिजनों को उम्मीद थी कि चारों रात तक घर पहुंच जाएंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.

मृतकों की पहचान, धीरेंद्र सिंह (18 वर्ष), रामकिशोर सिंह (26 वर्ष), रामदास सिंह (18 वर्ष) और इंद्रभान सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई.

कार सवार 5 लोग भी गंभीर रूप से घायल

टक्कर मारने वाली कार में सवार पांच लोग भी इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए हैं. पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

पुलिस की कार्रवाई

बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि चारों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *