फेस्टिव सीजन नई कार खरीदने के लिए सबसे अच्छा समय माना जाता है. इस दौरान ज्यादातर कंपनियां अपनी गाड़ियों पर अच्छा खासा डिस्काउंट देती हैं. इस बार भी नवरात्रि की शुरुआत से ही टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हुंडई जैसी कंपनियां शानदार ऑफर लेकर आई हैं. ग्राहक नवरात्रि में कार खरीदने पर अच्छे खासे डिस्काउंट का फायदा उठा सकते हैं.

टाटा की कारों पर ₹3.35 लाख तक की छूट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में कंपनी की इलेक्ट्रिक कार Tata Curvv EV पर 3.35 लाख रुपये तक, Harrier EV पर 2.75 लाख रुपये तक और Punch EV व Tiago EV के पुराने मॉडल्स पर 1.45 लाख रुपये तक के बेनिफिट मिल रहे हैं. वहीं, पेट्रोल, डीजल और CNG कारों में Curvv पर 1.25 लाख रुपये तक और Nexon पर 75,000 रुपये तक के फायदे मिल सकते हैं.

ये ऑफर्स कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज बेनिफिट और लॉयल्टी ऑफर के रूप में दिए जा रहे हैं. हालांकि, हर ग्राहक को पूरा डिस्काउंट नहीं मिलेगी और यह कार के मॉडल, वेरिएंट, पुराने वाहन या डीलरशिप की शर्तों पर निर्भर करेगी.

महिंद्रा की SUVs पर भी बंपर डिस्काउंट

महिंद्रा की SUV और इलेक्ट्रिक कारों पर 1.50 लाख रुपये तक के बेनिफिट मिल रहे हैं. इनमें Scorpio N, Thar, Scorpio Classic, XUV 3XO और XUV400 EV जैसे मॉडल शामिल हैं. महिंद्रा Scorpio N के Z8L और Z8T 4WD ऑटोमैटिक वेरिएंट पर सबसे ज्यादा 1.50 लाख रुपये तक का फायदा मिल रहा है. Thar के पुराने 4WD मॉडल पर 80,000 रुपये तक की छूट और एक्सेसरीज का फायदा दिया जा रहा है, जबकि Thar के 2WD LXT वेरिएंट पर 30,000 रुपये की एक्सेसरीज मिल सकती हैं.

दूसरी ओर, Scorpio Classic के S11 वेरिएंट पर 45,000 रुपये और S वेरिएंट पर 35,000 रुपये तक के बेनिफिट उपलब्ध हैं. महिंद्रा XUV 3XO के चुनिंदा पेट्रोल वेरिएंट पर 60,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है. Mahindra XUV400 EV के EL Pro वेरिएंट पर 1 लाख रुपये तक की नकद छूट मिल रही है. इसके अलावा Bolero और Bolero Neo पर भी एक्सचेंज बोनस और कॉरपोरेट ऑफर मिल सकते हैं.

मारुति की प्रीमियम कारें हुई सस्ती

मारुति सुजुकी की प्रीमियम कारों पर अक्टूबर 2026 में ग्राहकों को 1.36 लाख रुपये तक के डिस्काउंट और अन्य बेनिफिट मिल रहे हैं. Grand Vitara के पेट्रोल सिग्मा वेरिएंट पर 1.36 लाख रुपये तक और डेल्टा वेरिएंट पर 1.26 लाख रुपये तक का फायदा मिल सकता है. इसके जेटा और अल्फा पेट्रोल वेरिएंट पर 1.15 लाख रुपये तक के बेनिफिट के साथ 5 साल की एक्सटेंडेड वारंटी भी दी जा रही है.

ग्रैंड विटारा स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पर जीरो रोड टैक्स बेनिफिट, 1.20 लाख रुपये तक के अन्य फायदे और 5 साल की वारंटी मिल सकती है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं, ग्रैंड विटारा CNG पर 90,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक, XL6 पर 61,000 रुपये तक, Invicto पर 95,000 रुपये तक और Jimny पर 35,000 रुपये तक के बेनिफिट मिल रहे हैं. Fronx पर 15,000 से 27,100 रुपये तक के फायदे मिल सकते हैं. वहीं, e Vitara के साथ मुफ्त चार्जर और होम इंस्टॉलेशन के अलावा एक्सचेंज बेनिफिट भी दिया जा रहा है.

हुंडई कारों पर डिस्काउंट

हुंडई अक्टूबर 2026 में अपनी कारों की पूरी रेंज पर 1.25 लाख रुपये तक के डिस्काउंट और अन्य बेनिफिट दे रही है. इनमें कैश डिस्काउंट, नवरात्रि बुकिंग बोनस, एक्सचेंज या स्क्रैपेज बेनिफिट, अपग्रेड बोनस और कॉरपोरेट या सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष ऑफर शामिल हैं. इसके अलावा, 2025 मॉडल ईयर की चुनिंदा पुरानी स्टॉक वाली कारों पर 20,000 रुपये तक के एस्ट्रा बेनिफिट भी मिल सकते हैं.

होंडा की कार भी हुईं सस्ती

होंडा कारों पर 2.35 लाख रुपये तक के डिस्काउंट और अन्य बेनिफिट दे रही है. कंपनी की SUV Honda Elevate के पुराने मॉडल पर सबसे ज्यादा 2.35 लाख रुपये तक का फायदा मिल रहा है. इसमें 50,000 रुपये तक का कैश डिस्काउंट शामिल है. वहीं, Honda City के पेट्रोल वेरिएंट पर 1.71 लाख रुपये तक के बेनिफिट दिए जा रहे हैं. इसमें 60,000 रुपये तक की नकद छूट शामिल है. Honda Amaze की नई जनरेशन पर 66,800 रुपये तक और पुराने मॉडल पर 57,600 रुपये तक के फायदे मिल सकते हैं. ये ऑफर 31 अक्टूबर 2026 तक वैलिड हैं.

Disclaimer: यहां बताए गए ऑफर या डिस्काउंट का की रकम शहर, वेरिएंट, स्टॉक और ग्राहक की पात्रता के आधार पर अलगअलग हो सकती है. इसलिए कार खरीदने से पहले नजदीकी होंडा डीलरशिप से ऑफर की पुष्टि जरूर करें.