टोयोटा अपनी पॉपुलर एमपीवी Innova Hycross के अपडेटेड मॉडल पर काम कर रही है. यह कार भारत के अलावा कई एशियाई बाजारों में भी काफी पसंद की जाती है. अब इसके फेसलिफ्ट मॉडल को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. इसकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें कार को मुंबई की सड़कों पर टेस्ट करते हुए देखा जा सकता है. तस्वीरों में टेस्ट कार पूरी तरह कवर है, इसलिए इसके सभी बदलाव साफ नजर नहीं आ रहे हैं. फिर भी फ्रंट और साइड प्रोफाइल से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कंपनी डिजाइन में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव करने की तैयारी कर रही है.

SUV जैसा दिख सकता है फ्रंट डिजाइन
नई का सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकता है. टेस्ट मॉडल को देखकर लगता है कि टोयोटा इसके डिजाइन को मौजूदा एमपीवी की तुलना में थोड़ा ज्यादा दमदार और SUV जैसा लुक देना चाहती है.
फ्रंट ग्रिल और बंपर का डिजाइन पहले से ज्यादा सीधा और मजबूत नजर आ सकता है. हेडलाइट्स भी मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा आकर्षक हो सकती हैं. कंपनी बाहरी डिजाइन को पूरी तरह बदलने के बजाय कुछ हिस्सों में बदलाव करके इसे नया रूप दे सकती है.
मौजूदा मॉडल में मिलने वाली ट्रेपेजॉइडल ग्रिल की जगह फेसलिफ्ट में अलग डिजाइन देखने को मिल सकता है. यह लुक Toyota Hilux से कुछ हद तक मिलताजुलता हो सकता है. नए बंपर के साथ LED प्रोजेक्टर फॉग लैंप और स्किड प्लेट जैसा डिजाइन भी मिल सकता है.
साइड और रियर में होंगे मामूली बदलाव
साइड प्रोफाइल में फिलहाल बहुत बड़े बदलाव नजर नहीं आ रहे हैं. टेस्ट कार में अलॉय व्हील का डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही दिखाई देता है. हालांकि प्रोडक्शन मॉडल में कंपनी नए डिजाइन के व्हील दे सकती है.
रूफ पर शार्कफिन एंटीना और इंटीग्रेटेड रूफ स्पॉयलर पहले की तरह मौजूद रह सकते हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं पीछे के हिस्से में टेल लैंप के में बदलाव किए जाने की उम्मीद है. रियर बंपर को भी नया डिजाइन मिल सकता है.
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
फेसलिफ्ट मॉडल के अंदर भी छोटे लेकिन काम के बदलाव किए जाने की उम्मीद है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, अपडेटेड 360डिग्री कैमरा और कनेक्टेड कार फीचर्स मिल सकते हैं.इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल सीट्स और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स जारी रह सकते हैं. कुछ रिपोर्ट्स में रियर सीट्स के लिए भी वेंटिलेशन फीचर मिलने की संभावना जताई जा रही है. टॉप वेरिएंट में ADAS फीचर्स भी पहले की तरह मिल सकते हैं. केबिन की कलर थीम में बदलाव करके इसे ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की जा सकती है.
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद कम
पावरट्रेन की बात करें तो टोयोटा मौजूदा इंजन विकल्पों को ही आगे बढ़ा सकती है. इसमें 2.0लीटर पेट्रोल इंजन और 2.0लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन शामिल हो सकते हैं.पेट्रोल इंजन करीब 173 PS की पावर और 204 Nm का टॉर्क देता है और इसे CVT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाता है. वहीं हाइब्रिड मॉडल में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर करीब 184 PS की पावर दे सकती है. इसमें eCVT ट्रांसमिशन मिलता है.
टोयोटा ने अभी फेसलिफ्ट की लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, उम्मीद है कि Innova Hycross Facelift को 2027 की शुरुआत में भारत में लॉन्च किया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो नए डिजाइन और अपडेटेड फीचर्स के साथ यह MPV एक बार फिर खरीदारों का ध्यान खींच सकती है.



