‘मैं अब नहीं बचूंगी, श्यौराज तेरा नाश होगा…’, संभल में विधवा महिला को रातोरात जिंदा जलाया, हुई मौत​

News Just Abhi Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. यहां के रसूलपुर गांव में दबंगों ने घर में घुसकर एक 44 वर्षीय विधवा महिला को पहले बेरहमी से पीटा, फिर कपड़े से उसका मुंह बांधकर डीजल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया. गंभीर रूप से झुलसी महिला की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में मृत्युपूर्व दिए गए बयानों के आधार पर एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

‘मैं अब नहीं बचूंगी, श्यौराज तेरा नाश होगा…’, संभल में विधवा महिला को रातोरात जिंदा जलाया, हुई मौत​
‘मैं अब नहीं बचूंगी, श्यौराज तेरा नाश होगा…’, संभल में विधवा महिला को रातोरात जिंदा जलाया, हुई मौत​

यह पूरी सनसनीखेज वारदात गुन्नौर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर की है. मृतक महिला की पहचान 44 वर्षीय अनेकश्री पत्नी स्वर्गीय किशनपाल के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ हमलावर दीवार फांदकर महिला के घर में दाखिल हुए. उस वक्त महिला सो रही थी. आरोप है कि हमलावरों ने सोते समय ही महिला को दबोच लिया और दूसरे कमरे में ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की. इसके बाद आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला का मुंह कपड़े से बांध दिया ताकि वह चिल्ला न सके, और फिर उस पर डीजल डालकर आग लगा दी.

बेटे के जागने पर भागे हमलावर

आग की लपटों के बीच महिला की दबी हुई चीखपुकार सुनकर उसका 15 वर्षीय बेटा अचानक जाग गया. जब तक बेटा और परिवार के अन्य लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो चुके थे. परिजन आननफानन में बुरी तरह झुलस चुकी अनेकश्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर लेकर भागे. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया. बाद में हालत और ज्यादा बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत से लड़ते हुए आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया.

मरने से पहले पीड़िता ने खोला राज

इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मौत के आगोश में सोने से पहले पीड़िता अनेकश्री ने पुलिस और मजिस्ट्रेट को अपना मृत्युपूर्व बयान दर्ज कराया. अपने आखिरी बयानों में दर्द से कराहती महिला ने मुख्य आरोपी का नाम लेते हुए कहा, “मैं अब नहीं बचूंगी, श्यौराज तेरा नाश होगा.” महिला के इस बयान ने पुलिस के लिए जांच की दिशा साफ कर दी है.

पुलिस प्रशासन का एक्शन

संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि पीड़िता के मृत्युपूर्व दिए गए बयानों को आधार बनाकर पुलिस ने मुख्य आरोपी श्यौराज समेत दो लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *