शादीशुदा महिला को हासिल ना कर सका तो… परिवार पर फेंका तेजाब, मुठभेड़ में सिरफिरा अरेस्ट​

News Just Abhi Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के शेरगढ़ इलाके में परिवार पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज वारदात हुई थी. बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश कश्यप को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में फंस गया. इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

शादीशुदा महिला को हासिल ना कर सका तो… परिवार पर फेंका तेजाब, मुठभेड़ में सिरफिरा अरेस्ट​
शादीशुदा महिला को हासिल ना कर सका तो… परिवार पर फेंका तेजाब, मुठभेड़ में सिरफिरा अरेस्ट​

पूरा मामला थाना शेरगढ़ क्षेत्र का है. 16 मई को एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उमेश कश्यप नाम का युवक उसके परिवार को काफी समय से परेशान कर रहा था. महिला के मुताबिक आरोपी उससे एकतरफा प्यार करता था. महिला ने उससे दूरी बना ली थी और बातचीत बंद कर दी थी. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने देर रात उसके घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया.

बताया गया कि घटना के समय महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ घर के बरामदे में सो रही थी. गर्मी की वजह से परिवार ने मच्छरदानी लगा रखी थी. आरोप है कि आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा और सो रहे परिवार के ऊपर तेजाब डाल दिया. तेजाब गिरते ही मच्छरदानी जल गई और पूरा परिवार उसकी चपेट में आ गया. हमले में महिला, उसका पति और दोनों बच्चे बुरी तरह झुलस गए थे. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई थी.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

घटना के बाद थाना शेरगढ़ पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। रविवार को पुलिस टीम इलाके में चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश में निकली थी. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तेजाब कांड का आरोपी उमेश कश्यप कस्बा शेरगढ़ बाईपास से होकर अपने घर जाने की कोशिश कर रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया.

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. वहीं मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मोहम्मद नाजिम के हाथ में गोली रगड़ते हुए निकल गई, जिससे वह भी घायल हो गए.

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

तेजाब हमले और फिर पुलिस मुठभेड़ की यह घटना पूरे शेरगढ़ इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी काफी समय से महिला को परेशान कर रहा था. परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में अब पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी. फिलहाल घायल आरोपी को पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, तेजाब हमले में घायल परिवार का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद से इलाके के लोग डरे हुए हैं, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *