
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मचारी मंगलेश पाल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस के मुताबिक मंगलेश की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी. महिला का मकसद पति की मौत के बाद उसकी सीसीएल की सरकारी नौकरी हासिल करना और अपने प्रेमी के साथ शादी करना था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी सोनाली कुमारी उर्फ नीतू और उसके प्रेमी कौशिक कुमार नौनिया को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है.
लूटपाट और बंधक बनाने की रची थी झूठी कहानी
पुलिस के मुताबिक 18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने गिद्दी थाना प्रभारी को इस वारदात की सूचना दी थी. तब यह बताया गया था कि मेन गेट गिद्दी ए स्थित सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल के घर में अज्ञात बदमाश घुस आए और लूटपाट के दौरान पत्नी के हाथ-पैर व मुंह बांधकर धारदार हथियार से मंगलेश की हत्या कर दी. वारदात की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के एसपी के निर्देश पर बड़कागांव के एसडीपीओ अमित आनंद की अगुवाई में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया. पुलिस टीम ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से मौके की बारीकी से जांच की.
तकनीकी सबूतों से टूटा पत्नी का झूठ, ममेरा भाई निकला प्रेमी
एसआईटी ने जब मौके से मिले तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की पड़ताल की, तो लूट की कहानी पर शक गहराया. इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनाली को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें सारा सच सामने आ गया. पुलिस का कहना है कि सोनाली का अपने ही ममेरे भाई कौशिक कुमार नौनिया के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पति की सरकारी नौकरी पाने और कौशिक से शादी करने के इरादे से उसने प्रेमी और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर मंगलेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी.
पोछे से साफ किया खून, दाउली और चाकू बरामद
पुलिस का दावा है कि कत्ल के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की भी पूरी कोशिश की थी. फर्श पर फैले खून को पोछे से साफ किया गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए सोनाली के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए, ताकि यह लूट के दौरान हुई हत्या लगे. हालांकि, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा दाउली और चाकू, खून से सना पोछा, मोबाइल फोन, जले हुए मोबाइल के अवशेष और आरोपियों के खून लगे कपड़े व चप्पल बरामद कर लिए हैं.
मृतक की बहन की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
इस हत्याकांड को लेकर मृतक मंगलेश पाल की बहन की शिकायत पर गिद्दी थाने में 18 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 238 और 3(5) के तहत हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.



