Atal Pension Yojana: रिटायरमेंट के बाद हर इंसान चाहता है कि उसके पास नियमित कमाई का कोई पक्का जरिया हो. इससे छोटीमोटी जरूरतों के लिए किसी दूसरे के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता. केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना इसी जरूरत को पूरा करती है. ये एक सरकारी पेंशन स्कीम है, जिसमें नौकरीपेशा लोगों के साथसाथ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग भी निवेश कर सकते हैं. इस योजना की सबसे बड़ी खूबी ये है कि इसमें 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने ₹1,000 से लेकर ₹5,000 तक की गारंटीड पेंशन मिलती है.

कौन कर सकता है अटल पेंशन योजना में निवेश?

अटल पेंशन योजना का फायदा 18 से 40 साल की उम्र का कोई भी भारतीय नागरिक उठा सकता है. हालांकि, इसके नियमों में एक बड़ा बदलाव भी है. 1 अक्टूबर 2022 से इनकम टैक्स भरने वाले लोग नया APY अकाउंट नहीं खोल सकते. जो टैक्सपेयर्स इस तारीख से पहले योजना से जुड़ चुके हैं, वे अपना खाता पहले की तरह जारी रख सकते हैं. इस स्कीम में रजिस्ट्रेशन कराना बेहद आसान है. आप अपने बैंक या पोस्ट ऑफिस के सेविंग अकाउंट के जरिए इसमें शामिल हो सकते हैं. अब कई बैंक इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दे रहे हैं.

30 की उम्र में ₹5000 पेंशन का पूरा गणित

मान लीजिए आपकी उम्र 30 साल है और आप 60 साल के बाद हर महीने ₹5,000 पेंशन पाना चाहते हैं. इसके लिए आपको अगले 30 साल तक लगातार पैसा जमा करना होगा. योजना में भुगतान के लिए मासिक, तिमाही और छमाही, तीनों विकल्प मिलते हैं.

अगर आप मासिक विकल्प चुनते हैं, तो आपको 360 किस्तों में हर महीने ₹577 जमा करने होंगे. इस तरह आपका कुल निवेश ₹2,07,720 होगा. तिमाही विकल्प चुनने पर 120 किस्तों में हर बार ₹1,720 देने होंगे, जिससे कुल योगदान ₹2,06,400 बैठता है. वहीं, छमाही विकल्प में 60 किस्तों के जरिए ₹3,405 जमा करने होंगे और कुल निवेश ₹2,04,300 होगा. यानी 30 साल की उम्र में शुरुआत करने पर करीब ₹2.04 लाख से ₹2.08 लाख तक जमा करके आप बुढ़ापे में हर महीने ₹5,000 पेंशन पक्की कर सकते हैं.

खाताधारक के न रहने पर परिवार को क्या मिलेगा?

इस योजना में खाताधारक को जिंदगी भर पेंशन मिलती है. अगर खाताधारक की मौत हो जाती है, तो यही पेंशन उसके पति या पत्नी को दी जाती है. दोनों की मृत्यु होने की स्थिति में जमा किया गया पूरा पेंशन कॉर्पस नॉमिनी को सौंप दिया जाता है. ₹5,000 पेंशन वाले विकल्प में नॉमिनी को ₹8.5 लाख की रकम मिलती है.

इस स्कीम में ब्याज की कोई तय दर घोषित नहीं होती, बल्कि चुनी गई पेंशन की रकम की सीधी गारंटी होती है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। आपके निवेश का मैनेजमेंट PFRDA के नियमों के तहत SBI Pension Fund, LIC Pension Fund और UTI Retirement Solutions करते हैं. अगर निवेश से मिलने वाला रिटर्न तय पेंशन के लिए कम पड़ता है, तो केंद्र सरकार उस कमी को खुद पूरा करती है.

निवेश से पहले जान लें ये 5 जरूरी बातें

अटल पेंशन योजना से जुड़ने से पहले कुछ जरूरी नियमों को समझ लेना बेहतर रहता है. पहली बात ये कि APY की किस्त आपके सेविंग अकाउंट से अपने आप कटती है, इसलिए खाते में हमेशा पर्याप्त बैलेंस रखें. समय पर किस्त नहीं भरने पर तय नियमों के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क लग सकता है.

दूसरी बात ये कि योजना में ₹1,000 से ₹5,000 तक के स्लैब हैं, इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से ही विकल्प चुनें. आप जितनी देर से इस स्कीम में जुड़ेंगे, आपकी किस्त उतनी ही ज्यादा होगी. इसलिए कम उम्र में शुरुआत करना फायदेमंद रहता है. इसके अलावा, APY में निवेश पर टैक्स छूट का दावा करने से पहले मौजूदा इनकम टैक्स नियमों और अपनी टैक्स व्यवस्था की पात्रता जरूर जांच लें.