
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक सिरफिरे ने अपनी ही भाभी को बेरहमी से मार डाला। आरोपी युवक अपनी भाभी की बहन (साली) से शादी करना चाहता था, लेकिन बात नहीं बनी तो आरोपी ने इसका जिम्मेदार भाभी को ही मान लिया।
साली ने शादी से इनकार किया तो बौखलाए देवर ने साढ़े तीन माह बाद ब्लेड से नवविवाहित भाभी का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद के गले पर भी ब्लेड मारकर खुदकुशी का प्रयास किया। परिजन ने दोनों को निकटवर्ती सीएचसी में भर्ती कराया, जहां भाभी को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवर को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मां ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। फोरेंसिक टीम ने बाद में साक्ष्य संकलन किया। नौहझील थाना क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया निवासी ज्वाला प्रसाद के बड़े बेटे प्रमोद उर्फ कालू व छोटे बेटे दीपक का चार माह पहले आगरा के खंदौली क्षेत्र के नंदलालपुर निवासी करिश्मा व उसकी छोटी की बहन के साथ रिश्ता तय हुआ था।
शादी से कुछ दिन पहले करिश्मा की छोटी बहन ने दीपक से शादी करने से इनकार कर दिया, लेकिन करिश्मा और प्रमोद उर्फ कालू की एक नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह में शादी हो गई। छोटी बहन ने शादी से इनकार किया तो दीपक अपनी भाभी करिश्मा से खुन्नस मान गया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह आठ बजे करिश्मा घर के कमरे थी, इसी दौरान देवर दीपक उनके कमरे में पहुंचा। साली से शादी को लेकर दीपक अपनी भाभी से झगड़ने लगा और थोड़ी देर बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।
करिश्मा ने इसकी शिकायत अपने पति से करने की बात कही, तो दीपक ने ब्लेड से उनका गला रेत दिया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद उसने अपने गले पर भी ब्लेड मारकर लहूलुहान कर लिया। घर के आंगन में बैठी मां अंगूरी देवी की चीख-पुकार की आवाज सुनकर कमरे में पहुंची तो देवर-भाभी जमीन पर लहूलुहान पड़े थे।
परिजन ने दोनों को सीएचसी नौहझील में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया।
खून से सने कपड़े भी धोकर सुखाने के लिए धूप में डाले
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि घटना के बाद परिजन ने पुलिस को सूचना नहीं दी। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस पहुंची तो वहां से साक्ष्य गायब मिले। कड़ाई से पूछताछ पर दीपक की मां अंगूरी देवी ने बताया वारदात स्थल से खून साफ कर दिया और खून से सने कपड़े भी धोकर सुखाने के लिए धूप में डाल दिए।
ब्लेड को चूल्हे में जल रही आग में फेंक दिया। हालांकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और मायके वालों की तहरीर पर ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
चिल्लाते हुए मां बोली, घर में घुसे नकाबपोश बदमाश
ग्रामीणों ने बताया कि वारदात के बाद दीपक की मां गली में खड़े होकर हल्ला कर रहीं थी कि घर में चार-पांच नकाबपोश बदमाश घुस गए। बहू और बेटे का गला रेत दिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते इससे पहले ही परिजन दोनों को सीएचसी लेकर पहुंच गए। डॉक्टरों की सूचना पर घर पहुंची पुलिस ने सच्चाई से पर्दा उठाया। फिलहाल पुलिस इस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।
मथुरा में देवर ने की भाभी की हत्या
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र के अंतर्गत गांव बाघई कटैलिया में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुदकुशी का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे ज्वाला प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र दीपक का अपनी 20 वर्षीय भाभी करिश्मा (पत्नी प्रमोद) से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दीपक ने ब्लेड से करिश्मा का गला काट दिया। इसके तुरंत बाद उसने ब्लेड से अपना भी गला रेत लिया। लहूलुहान हालत में दोनों को जमीन पर पड़ा देख परिजनों के होश उड़ गए।