तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अगले साल के इंडियन प्रीमियर लीग के सत्र से पहले मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद से चार करोड़ रुपये की धनराशि में गुजरात टाइटन्स की टीम से जुड़ गए। सनराइजर्स ने 35 वर्षीय हर्षल को 2025 की मेगा नीलामी में आठ करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल ने बयान में कहा, ‘‘दो बार के पर्पल कैप विजेता हर्षल पटेल सनराइजर्स हैदराबाद से सफल ट्रेड के बाद अब आईपीएल में गुजरात टाइटन्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सनराइजर्स ने आईपीएल की 2025 की नीलामी में उन्हें आठ करोड़ रुपये में खरीदा था। वह चार करोड़ रुपये में गुजरात से जुड़ेंगे।’’ हर्षल काफी अनुभवी तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने 2012 में आईपीएल में पदार्पण करने के बाद से चार फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलते हुए 124 मैच में 151 विकेट लिए हैं। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।
पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले इस अनुभवी खिलाड़ी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए क्रमशः 2021 और 2024 में टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की थी।
सनराइजर्स की तरफ से अपने पहले सत्र में 2025 में उन्होंने 13 मैचों में 9.80 की इकॉनमी रेट से 16 विकेट लिए लेकिन 2026 में उन्हें केवल पांच मैच खेलने का मौका मिला और वह एक भी विकेट नहीं ले पाए। उन्होंने इस बीच प्रति ओवर 10.82 रन दिए।



