News Just Abhi इस वक्त उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। बढ़ते तापमान के चलते, शरीर में पानी की कमी, कमजोरी, थकान और लू लगने की समस्या हो सकती है। इसके साथ ही बढ़ते तापमान का असर हमारी त्वचा पर भी पड़ता है। दरअसल, गर्मी के मौसम में तेज धूप, पसीना और गर्म हवाएं त्वचा को बेजान और चिपचिपा बना देती हैं। ऐसे में चेहरे को ठंडक पहुंचाने और तरोताजा रखना जरूरी होता है।

अपनी त्वचा को आप प्राकृतिक रूप से भी ठंडा रख सकते हैं और इसके लिए घर पर रखी चीजों से ही 3 तरह का फेस पैक बना सकते हैं। घर पर बनाए गए ये फेस पैक त्वचा को ठंडक देने के साथ ही ग्लो बढ़ाने और टैनिंग कम करने में भी मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं फेस पैक:
1 तरबूज और बेसन फेस पैक
तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। वहीं बेसन त्वचा की गंदगी साफ करने और अतिरिक्त तेल हटाने में मदद करता है। यह त्वचा को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने के साथ ही चमक बढ़ाता है और गर्मी में होने वाली ड्रायनेस और चिपचिपाहट को कम करने में मदद करता है।
सामग्री
2 चम्मच तरबूज का रस
1 चम्मच बेसन
1 चम्मच शहद
तरबूज और बेसन फेस पैक बनाने का आसान तरीका
एक कटोरी में तरबूज का रस निकाल लें। इसमें अच्छी तरह बेसन और शहद मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। तैयार फेस पैक को पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें।
2 खीरा और दही फेस पैक
खीरा त्वचा को ठंडक पहुंचाता है, जबकि दही मॉइस्चराइज करने में मदद करता है। यह फेस पैक गर्मी में स्किन को फ्रेश रखने के लिए बेहतरीन माना जाता है। त्वचा को तुरंत ठंडक पहुंचाने के लिए ये फेस पैक लगा सकते हैं। इसके साथ ही सन टैन को कम करने, स्किन को मुलायम व फ्रेश बनाने में भी मदद करता है।
सामग्री
1 छोटा खीरा
2 चम्मच दही
1 चम्मच गुलाब जल
खीरा और दही फेस पैक बनाने का आसान तरीका
खीरे को कद्दूकस करके उसका पेस्ट तैयार कर लें। इसमें दही और गुलाब जल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर स्मूद पेस्ट बना लें। अब इस फेस पैक को चेहरे और गर्दन पर लगाने के बाद 1520 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें।
3 एलोवेरा और चंदन फेस पैक
गर्मी के मौसम में एलोवेरा स्किन को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और चंदन भी चेहरे को ठंडक पहुंचाता है। गर्मियों में यह फेस पैक चेहरे की गर्मी और जलन को कम करने में मदद करता है। साथ ही स्किन को ठंडक और नमी भी प्रदान करता है। वहीं, नेचुरल ग्लो भी लाता है।
सामग्री
2 चम्मच एलोवेरा जेल
1 चम्मच चंदन पाउडर
1 चम्मच गुलाब जल
एलोवेरा और चंदन फेस पैक बनाने का आसान तरीका
एक बाउल में एलोवेरा जेल लें, फिर इसमें चंदन पाउडर और गुलाब जल डालकर अच्छे से मिक्स कर पेस्ट तैयार कर लें। चेहरे को साफ करके इस फेस को लगा लें और 1015 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद सामान्य पानी से चेहरा धो लें।
ध्यान रखें ये बातें
फेस पैक को हफ्ते में 2 बार लगाया जा सकता है।
फेस पैक लगाने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें।
अगर किसी भी सामग्री से एलर्जी हो तो उसका इस्तेमाल न करें और चेहरा साफ पानी से धो लें।
फेस पैक लगाने से पहले स्किन पर पैच टेस्ट जरूर कर लें।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।