भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में अपनी शानदार अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे कर लिए।

Harmanpreet Kaur 9000 International Runs: भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अपनी शानदार अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने यह मुकाम हासिल किया और इसके साथ ही वह मिताली राज और स्मृति मंधाना के बाद ऐसा करने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने इस मुकाबले में 121 गेंदों में 58 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने सात चौके लगाए। हरमनप्रीत ने अपनी इस पारी के दौरान उपकप्तान स्मृति मंधाना के साथ चौथे विकेट के लिए 155 गेंदों में 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की। मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 83 रन बनाए और भारतीय पारी को संभाला।

इस मुकाबले से पहले हरमनप्रीत को महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 13 रनों की जरूरत थी। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान इस आंकड़े को पार कर लिया और इतिहास रच दिया। अब वह महिला क्रिकेट में 9000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली भारत की तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं।

पूर्व भारतीय महिला दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज ने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और उन्होंने अपने करियर में 10,868 रन बनाए थे। वहीं स्मृति मंधाना के नाम 10,667 रन दर्ज हैं। अब हरमनप्रीत भी तीसरी बल्लेबाज के रुप में 9000 रन के क्लब में शामिल हो चुकी हैं।

महिला क्रिकेट में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

मिताली राज 333 मैच, 10,868 रन

स्मृति मंधाना 300 मैच, 10,667 रन

हरमनप्रीत कौर 374 मैच, 9,045 रन*

अगर हरमनप्रीत के करियर आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 164 वनडे मैचों में 4541 रन, 202 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 4216 रन और आठ टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 288 रन बनाए हैं।