उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है. इसी क्रम में हरिद्वार में भाजपा की राज्य कार्यसमिति की विस्तारित बैठक का आयोजन किया है. इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए. राजनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि रखने और एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया.

वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार लगातार भाजपा सरकार बनाने के लिए 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करने को कहा.

राजनाथ बोले भाजपा की सरकार हिमालय की तरह अडिग

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड में भाजपा की सरकार हिमालय की तरह अडिग और मां गंगा की धारा की तरह अविरल है. उन्होंने कहा कि जनता ने मन बना लिया है, उत्तराखण्ड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनकर रहेगी. उत्तराखण्ड में कमल कमाल कर रहा है, यहां हम एक बार फिर घुसपैठियों को हटाने वाली सरकार बनाएंगे.

राजनाथ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में विदेशी प्रतिनिधियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उपहास उड़ाया जाना और उस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के जनादेश का अपमान है.

तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार राजनाथ

उन्होंने कहा कि दुनियाभर की संस्थाएं भारत की तारीफ कर रही हैं, ट्रंप ने भी माना है कि भारत की इकॉनमी तेजी से आगे बढ़ रही है. राजनाथ ने कहा, ‘वीरभूमि उत्तराखण्ड के हर सैनिक और उनके परिवार के सम्मान व कल्याण के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह समर्पित है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। अनुग्रह राशि में ऐतिहासिक वृद्धि से लेकर भव्य सैन्य धाम के निर्माण के साथ धामी सरकार सैनिक परिवारों के साथ हर कदम पर मजबूती से खड़ी है.’

राजनाथ ने कहा कि मैं आश्वस्त हूं कि जैसे मां गंगा की धारा को कोई नहीं रोक सकता, वैसे ही उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता. उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस सरकार में पर्चीखर्ची का सिस्टम चलता था, अब भाजपा सरकार में उत्तराखण्ड का नौजवान रोजगार देने वाला बन रहा है.