Agra Crime News: आगरा में भाभी ने अपनी ननद की हत्या का प्रयास किया। पहले सरप्राइज गिफ्ट देने के बहाने उसकी आंखें बंद कर दी और हाथ बांध दिए, फिर चाकू से उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी भाभी को गिरफ्तार कर लिया है।

अनिल शर्मा, आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार सुबह यहां एक भाभी ने अपनी ही ननद की जान लेने की कोशिश की। सप्राइज गिफ्ट देने के बहाने भाभी ने अपनी ननद को कमरे में ले जाकर उसकी आंखों और हाथों को चुन्नी से बांध दिया। फिर चाकू सहित तमाम चीजों से उस पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। ननद के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच हमलावर भाभी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के राधा नगर का है। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। यहां के रहने वाले ऑटो चालर गिरीश अग्रवाल के बेटे शिवांशु का एक वर्ष पूर्व कचहरीघाट निवासी पूजा से प्रेम विवाह हुआ था। रविवार सुबह गिरीश रोजाना की तरह ऑटो लेकर निकल गए। शिवांशु और उसकी मां संगीता पूजा की मौसी के घर गमी में चले गए, छोटा बेटा आलोक कोचिंग गया था। घर में सिर्फ बेटी प्रिय अग्रवाल और पुत्रवधू पूजा मौजूद थी।
घायल की हालत अस्पताल में गंभीर
बताया जाता है कि रविवार लगभग 9 बजे प्रिय अग्रवाल को भाभी पूजा सरप्राइज गिफ्ट देने की कह कर कमरे में ले गई और चुन्नी से आंखों व हाथों को बांध दिया। इसके बाद अचानक चाकू से सिर पर कई वार किए। यही नहीं तवा, चिमटा और कन्नी जैसे घरेलू उपकरणों से भी उस पर हमला कर दिया।
चीख सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। प्रिय खून से लथपथ मरणासन्न हालत में जमीन पर पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी भाभी पूजा को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल प्रिय को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
आरोपी महिला से पूछताछ जारी
थाना ट्रांस यमुना की ओर से बताया गया है कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमले के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, मिलने के बद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।