मारुति सुजुकी ने नई ब्रेजा फेसलिफ्ट को चार वेरिएंट्स, LXI, VXI, ZXI और ZXI+ में पेश किया है. नई एसयूवी में टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं. अगर आप ब्रेजा खरीदने की सोच रहे हैं और समझ नहीं पा रहे कि कौन सा वेरिएंट आपके लिए सही रहेगा, तो यहां हर वेरिएंट के फीचर्स, इंजन और माइलेज की पूरी जानकारी दे रहे हैं.

तीन इंजन ऑप्शन के साथ आई नई ब्रेजा

नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 7.40 लाख रुपये है. इसमें 1.0 लीटर टर्बो बूस्टरजेट पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 109 बीएचपी की पावर और 170 एनएम टॉर्क देता है. इसके अलावा 1.5 लीटर के15सी स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल इंजन भी दिया गया है, जो 102 बीएचपी और 139 एनएम टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी ने 1.5 लीटर एस सीएनजी विकल्प भी रखा है, जो सीएनजी मोड में 85 बीएचपी की पावर देता है. नई ब्रेजा के सभी वेरिएंट्स को 5 स्टार बीएनकैप सेफ्टी रेटिंग मिली है.

Imagemarutisuzuki

LXI वेरिएंट में क्या मिलता है?

LXI नई ब्रेजा का बेस वेरिएंट है. इसमें 6 एयरबैग, ईएसपी, हिल होल्ड असिस्ट, सभी यात्रियों के लिए थ्री पॉइंट सीट बेल्ट, इलेक्ट्रिक एडजस्ट होने वाले ओआरवीएम और फ्रंट पावर विंडो जैसे जरूरी फीचर्स दिए गए हैं. हालांकि इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम नहीं मिलता. यह वेरिएंट उन लोगों के लिए है जो बिना ज्यादा फीचर्स के एक साधारण और सुरक्षित एसयूवी चाहते हैं.

VXI वेरिएंट में मिलते हैं कई स्मार्ट फीचर्स

VXI वेरिएंट में ब्रेजा पहले से ज्यादा आधुनिक नजर आती है. इसमें 7 इंच टचस्क्रीन, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, आर्कामिस ऑडियो, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल, चार स्पीकर और वॉयस असिस्टेंट दिया गया है. टर्बो मॉडल में ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, रियर डिफॉगर और इलेक्ट्रिक फोल्ड होने वाले मिरर भी मिलते हैं. यह वेरिएंट उन ग्राहकों के लिए है जो जरूरी आधुनिक फीचर्स चाहते हैं.

ZXI में मिलते हैं ज्यादा प्रीमियम फीचर्स

ZXI वेरिएंट में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं जो इसे ज्यादा प्रीमियम बनाते हैं. इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ, ड्यूल एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप, एलईडी डीआरएल, टीएफटी कलर एमआईडी, वायरलेस चार्जिंग, पुश बटन स्टार्ट, टर्बो वर्जन में क्रूज कंट्रोल, 60:40 स्प्लिट रियर सीट, रूफ रेल्स और स्मोक क्रोम ग्रिल मिलती है. इसके अलावा इसमें पीएम 2.5 केबिन एयर फिल्टर भी दिया गया है.

Imagemarutisuzuki

ZXI+ में मिलते हैं सबसे ज्यादा फीचर्स

ZXI+ नई ब्रेजा का टॉप वेरिएंट है. इसमें 10.1 इंच टचस्क्रीन, आर्कामिस सराउंड साउंड, 360 डिग्री एचडी कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, हेड अप डिस्प्ले, 64 कलर एंबिएंट लाइटिंग, ऑटो फोल्ड और ऑटो डिमिंग मिरर, नेक्स्ट जेन सुजुकी कनेक्ट, ओटीए अपडेट और इनबिल्ट एलेक्सा जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसके साथ ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट, सेफ एग्जिट वार्निंग और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं.

Imagemarutisuzuki

हर इंजन का माइलेज अलग

टर्बो पेट्रोल इंजन सभी चार वेरिएंट्स में 6 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ मिलता है. कंपनी के मुताबिक LXI और VXI में इसका माइलेज 20.47 किमी प्रति लीटर है, जबकि ZXI और ZXI+ में 19.96 किमी प्रति लीटर मिलता है. 1.5 लीटर स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल मैनुअल वर्जन LXI, VXI और ZXI में 21.09 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है. ऑटोमैटिक वर्जन VXI, ZXI और ZXI+ में उपलब्ध है, जिसका दावा 20.17 किमी प्रति लीटर का है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं एस सीएनजी वर्जन LXI, VXI और ZXI में आता है और 26.90 किमी प्रति किलोग्राम का माइलेज देता है.