Featured Image

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रिश्वतखोर बाबू को एसीबी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने डायवर्सन के नाम पर 20 हजार की घूस मांगी थी। शिकायतकर्ता से आज 10 हजार की रिश्वत ले रहा था। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी बीच उसे एसीबी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानिए क्या थी शिकायात

प्रार्थी प्रकाश चन्द्राकर निवासी शिक्षक कालोनी वार्ड नं. 15, धमतरी के द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायात में उसने बताया कि ग्राम कंहारपुरी, तहसील कुरूद स्थित अपनी कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन हेतु डायवर्सन/परिवर्तित कराने के लिये कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कुरूद में आवेदन दिया है।

20 हजार रिश्वत की मांग

इस कार्य के लिये कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कुरूद में सहायक ग्रेड 3 के पद पर पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी से मुलाकात करने पर कृषि भूमि को डायवर्सन/परिवर्तित करने के एवज् में 20,000 रूपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

घूस लेते रंगे हाथ पकड़ाया

प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी प्रथम किश्त के रूप में 10,000 रूपये लेने पर सहमत हुआ। आज 5 अक्टूबर को ट्रेप आयोजित कर आरोपी पुनेश्वर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड 3 को प्रार्थी से प्रथम किस्त 10,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

मूल रूप से रायपुर के रहने वाले संदीप कुमार कडुकार के पास टीवी और डिजिटल मीडिया का लंबा अनुभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ कॉलेज, रायपुर से बीकॉम और पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स किया है। विभिन्न रीजनल चैनल्स में 10 सालों तक काम करने के बाद, संदीप पिछले 7 सालों से NPG News में बतौर रिपोर्टर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।