
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा में महिला बैंककर्मी को कथित तौर पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने और सपा की सरकार बनने पर IAS बनवाने का वादा करने के मामले में सपा नेता राजन रिजवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस और स्वाट टीम ने उसे अलीगढ़ से पकड़ा. जानकारी के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था और एक रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था.
मामला मथुरा के एक बैंक में काम करने वाली महिला कर्मचारी की शिकायत से जुड़ा है. महिला का आरोप है कि राजन रिजवी ग्राहक बनकर बैंक आता था और उसके आसपास रहने की कोशिश करता था. आरोप है कि किसी माध्यम से उसने महिला का निजी मोबाइल नंबर हासिल किया और लगातार मैसेज भेजने लगा. महिला के विरोध के बाद भी संपर्क की कोशिश जारी रहने का आरोप है.
सबसे ज्यादा चर्चा उस कथित व्हाट्सऐप चैट को लेकर हुई, जिसमें राजन रिजवी ने महिला की तारीफ करते हुए लिखा कि अगर भविष्य में राजनीति में आगे बढ़ते हैं और समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वह मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन के आधार पर उन्हें आईएएस बनवाने की कोशिश करेंगे. महिला ने इन संदेशों को असहज करने वाला बताते हुए पुलिस से शिकायत की थी.
महिला ने निजी जानकारी जुटाने, धमकी देने, पीछा करने और रेकी कराने जैसे आरोप भी लगाए थे. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। शिकायत के आधार पर मथुरा कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री भेजने से संबंधित आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत भी कार्रवाई की थी.
मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी ने भी राजन रिजवी को संगठन के पद से हटा दिया था. अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है. हालांकि, लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.



