उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर हुई दोस्ती का अंजाम एक महिला की दर्दनाक मौत के रूप में सामने आया। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रापुरी चौकी इलाके में एक युवक ने मामूली कहासुनी और बहस के बाद अपनी महिला मित्र की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती जांच और बयानों से सामने आया कि मृतक महिला की पहचान पिंकी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली थी। वहीं, हत्या का आरोपी युवक पिंटू भी बुलंदशहर का ही निवासी है।

शुरुआती जांच के अनुसार, पिंटू और पिंकी करीब 45 महीने पहले फेसबुक पर दोस्त बने थे और बाद में फोन पर बातचीत करने लगे थे। बताया जा रहा है कि दोनों फोन पर लगातार संपर्क में थे।

दोनों के बीच बहस हुई
सोमवार, 9 नवंबर को पिंटू, पिंकी से मिलने गया था, लेकिन दोनों के बीच बहस हो गई। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि पिंटू ने पास से एक ईंट उठाई और पिंकी के सिर पर कई बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

9 नवंबर को पुलिस को इस हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद लोनी बॉर्डर थाने की एक टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी हिरासत में
आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

गाजियाबाद के एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया, “9 नवंबर को लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी चौकी पर सूचना मिली कि एक महिला की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। जांच में पता चला कि बुलंदशहर की रहने वाली पिंकी और बुलंदशहर के ही रहने वाले पिंटू की करीब 45 महीने पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी और वे फोन पर बातचीत करते थे।” उन्होंने आगे कहा “इसके बाद, पिंटू आज उससे मिलने आया। मिलने के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई, और उसने पास ही पड़ी एक ईंट महिला के सिर पर दे मारी। इस वजह से उसकी मौत हो गई। नियमों के अनुसार कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।