हुंडई मोटर इंडिया के लिए जून 2026 का महीना उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. कंपनी ने इस महीने कुल 51,335 वाहनों की बिक्री की. इनमें 39,635 गाड़ियां भारत में बिकीं, जबकि 11,700 वाहनों का एक्सपोर्ट किया गया. हालांकि घरेलू बिक्री पिछले साल जून की तुलना में करीब 10% कम रही.

कंपनी के अनुसार, बिक्री में आई यह गिरावट ग्राहकों की मांग कम होने की वजह से नहीं, बल्कि एक सप्लायर की फैक्ट्री में आग लगने के कारण हुई. इस हादसे की वजह से जरूरी ऑटो पार्ट्स की सप्लाई कुछ समय के लिए रुक गई, जिससे कारों का उत्पादन प्रभावित हुआ.

एक महीने में इतनी घट गई बिक्री

अगर मई 2026 से तुलना करें तो भी जून में हुंडई की बिक्री कम रही. मई में कंपनी ने 47,837 गाड़ियां बेची थीं, जबकि जून में यह आंकड़ा घटकर 39,635 यूनिट रह गया. यानी एक महीने में बिक्री में 17.15% की गिरावट दर्ज की गई. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO तरुण गर्ग ने बताया कि सप्लायर की फैक्ट्री में आग लगने की वजह से जून महीने में लगभग 13,900 गाड़ियों का उत्पादन नहीं हो सका. इससे कंपनी की सप्लाई चेन प्रभावित हुई और समय पर वाहनों की डिलीवरी करना मुश्किल हो गया.

घाटे की भरपाई करेगी कंपनी

हुंडई ने इस समस्या का समाधान तेजी से किया. कंपनी ने दूसरे सप्लायरों से जरूरी पार्ट्स की व्यवस्था की और 22 जून 2026 से अपने सभी प्लांट में सामान्य उत्पादन फिर से शुरू कर दिया. कंपनी का कहना है कि जून में जितना उत्पादन कम हुआ, उसकी भरपाई वित्त वर्ष 202627 की दूसरी तिमाही में कर ली जाएगी.

Creta और Venue की जबरदस्त मांग

जून में बिक्री कम रहने के बावजूद हुंडई की पहली तिमाही का प्रदर्शन काफी हद तक संतुलित रहा. अप्रैल और मई में अच्छी बिक्री होने की वजह से अप्रैलजून तिमाही में घरेलू बिक्री में 5.38% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान Creta, Venue, Exter, Verna, Alcazar और Creta Electric जैसी गाड़ियों की मांग मजबूत बनी रही. हालांकि कंपनी के निर्यात में लगभग 20% की गिरावट आई, जिसके कारण कुल तिमाही बिक्री में 1.28% की मामूली कमी दर्ज की गई.

फिर ट्रेक पर आएगी बिक्री

अब जबकि उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो चुका है, Hyundai को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में उसकी बिक्री फिर से तेजी पकड़ेगी. कंपनी का कहना है कि जून में जो गाड़ियां नहीं बन पाईं, उनकी भरपाई जल्द कर ली जाएगी, जिससे डीलरों तक वाहनों की सप्लाई भी बढ़ेगी. Hyundai आने वाले समय में कई नई SUV लॉन्च करने की तैयारी भी कर रही है. कंपनी एक नई सब4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV पर काम कर रही है, जो किफायती इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों को टक्कर देगी.