हरियाणा के फरीदाबाद में डेटिंग ऐप Tinder के जरिए लोगों को दोस्ती के जाल में फंसाकर लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का फरीदाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है. क्राइम ब्रांच बड़खल की टीम ने इस मामले में मांबेटी समेत दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों महिलाएं पहले Tinder ऐप के माध्यम से अमीर लोगों को निशाना बनाती थीं, फिर मिलने के बहाने होटल में बुलाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाती थीं. इसके बाद पीड़ितों के साथ लूटपाट की जाती थी. इतना ही नहीं, आरोपियों पर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने का भी आरोप है.

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिर था. दोनों महिलाएं Tinder ऐप पर लोगों को दोस्ती और फ्रेंडशिप के अनुरोध भेजकर संपर्क स्थापित करती थीं. बातचीत के बाद मुलाकात के लिए होटल बुलाया जाता था. होटल में मुलाकात के दौरान पीड़ितों को नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पदार्थ दिया जाता था. जब व्यक्ति बेहोशी या नशे की हालत में पहुंच जाता था, तब उसके सामान और नकदी की लूट कर आरोपी मौके से फरार हो जाती थीं.

अमीर लोगों को बनाती थीं निशाना

जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं खास तौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाती थीं, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी दिखाई देती थी. लूटपाट के अलावा वे पीड़ितों को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थीं. कुछ मामलों में थाने में शिकायत दर्ज कराने का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम मांगी जाती थी. बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ितों पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था. इस तरह आरोपी कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का नेटवर्क चला रही थीं.

अंडमान से दिल्लीएनसीआर तक फैला नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने अंडमान, सूरत और दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की जानकारी दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में कितने अन्य लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है.

क्राइम ब्रांच बड़खल ने की गिरफ्तारी

पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता के दिशानिर्देशों तथा डीसीपी क्राइम शजयवीर राठी और एसीपी क्राइम आमन यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई. क्राइम ब्रांच बड़खल की टीम ने प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर के नेतृत्व में दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया. क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल छिल्लर के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, लूटपाट की घटनाओं और अवैध वसूली से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है.

पुलिस की आमजन से अपील

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से डेटिंग और सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतने की अपील की है. किसी अपरिचित व्यक्ति के बुलावे पर होटल या अन्य स्थान पर जाने से पहले पूरी जानकारी हासिल करें. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। अनजान व्यक्ति द्वारा दिया गया खानेपीने का सामान या पेय पदार्थ लेने से बचें. यदि कोई व्यक्ति झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगता है या ब्लैकमेल करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें.