जिस दिन का इंतजार पूरे देश को था वो आज आ गया. जियो लिस्टिंग शेयर बाजार में हुई. वो भी धमाकेदार तरीके से. आंकड़ों को देखें तो कंपनी लिस्टिंग 21 फीसदी के प्रीमियम के साथ हुई. जिसके बाद कंपनी का शेयर 1,375 रुपए पर पहुंच गया. जिसकी वजह से कंपनी के मार्केट कैप में 2.30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा हो गया. इस इजाफे के साथ ही जियो देश की दूसरी सबसे बड़ी मार्केट कैप वाली कंपनी बन गई और एयरटेल काफी पीछे छूट गई. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में जियो के शेयरों के उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर जियो के मार्केट कैप को लेकर किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.

देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनी जियो

मुकेश अंबानी की जियो प्लेटफॉर्म्स शेयर बाजार में लिस्ट हो गई है. बीएसई के आंकड़ों के अनुसार जियो प्लेटफॉर्म्स 21 फीसदी से ज्यादा के प्रीमियम पर लिस्ट हुई. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर करीब 23 फीसदी के प्रीमियम के साथ 1,375 रुपए पर भी पहुंचा. इसी तेजी के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स ना सिर्फ मार्केट कैप के हिसाब से देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई. बल्कि देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी भी बन गई है. आंकड़ों को देखें तो इश्यू प्राइस के हिसाब से कंपनी का मार्केट कैप 10,30,490.55 करोड़ रुपए था. खास बात तो ये है कि ​लिस्ट होने के बाद जियो का मार्केट कैप 12,66,615.09 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. इसका मतलब है कि कंपनी के मार्केट कैप में 2.36 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हो गया. इस हिसाब से जियो ने एयरटेल को पछाड़कर देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी का ताज अपने नाम कर लिया. मौजूदा समय में एयरटेल का मार्केट कैप 12.08 लाख करोड़ रुपए रह गई है. एयरटेल के शेयरों में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है.

एयरटेल के शेयरों में बड़ी गिरावट

अगर एयरटेल के शेयरों की बात करें तो 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। आंकड़ों को देखें तो सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर कंपनी का शेयर 2.09 फीसदी की गिरावट के साथ 1936.65 रुपए पर कारोबार कर रहा है. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर 1,926.45 रुपए के साथ दिन के लोअर लेवल पर पहुंच गया. यही कारण है कि एयरटेल के मार्केट कैप में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है. आंकंड़ों को देखें तो मंगलवार को जब शेयर बाजार बंद हुआ था, तो एयरटेल का मार्केट कैप 12,34,371.11 करोड़ रुपए था. कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का मार्केट कैप 12,02,046.09 करोड़ रुपए पर आ गया. इस हिसाब से कंपनी के मार्केट कैप में 32,325.02 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है.

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट

वैसे आज शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. आंकड़ों के अनुसार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर 955.27 अंकों की गिरावट के साथ 72,642.44 अंकों पर कारोबार कर रहा है. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 995.1 अंकों की गिरावट के साथ 72,603.57 अंकों पर पहुंच गया था. वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 249.95 अंकों की गिरावट के साथ 22,498.45 अंकों पर कारोबार कर रहा है. कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी करीब 255 अंकों की गिरावट के साथ 22,497.70 अंकों पर पहुंच गया था.