उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां शादी के 17 साल बाद पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ भेजने का फैसला किया. पत्नी ने जब प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई तो पति ने विरोध करने के बजाय उसकी बात मान ली. इसके बाद मिश्रिख तहसील परिसर में कागजी कार्रवाई पूरी की गई. फिर हनुमान मंदिर में पत्नी और उसके प्रेमी ने एकदूसरे को जयमाल पहनाई और शादी कर ली. इस दौरान पति भी वहां मौजूद रहा. घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

पूरा मामला सीतापुर जिले के मिश्रिख तहसील क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, विपिन भार्गव प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का पालनपोषण करता था. उसकी शादी 12 मार्च 2009 को रेखा भार्गव से हुई थी. शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए. बड़ा बेटा शिवम 16 साल का है, जबकि छोटा बेटा रोहन 14 साल का है.

रेखा को फिल्मी गानों पर रील बनाने का शौक था. वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपनी रील पोस्ट करती थी. इसी दौरान फेसबुक के जरिए उसकी पहचान अंबेडकर नगर के रहने वाले राहुल कुमार उपाध्याय से हुई. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर उन्होंने एकदूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर लिए. इसके बाद फोन पर लंबी बातचीत होने लगी. धीरेधीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.
22 दिन तक लापता रही रेखा, लौटकर बताई प्रेम कहानी

एक दिन रेखा अचानक घर से लापता हो गई. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद पति विपिन ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी. करीब 22 दिन बाद 14 अक्टूबर को रेखा वापस घर लौटी. जब विपिन ने उससे पूछताछ की तो उसने राहुल के साथ अपने संबंधों के बारे में बताया. साथ ही उसने राहुल के साथ रहने की इच्छा भी जाहिर कर दी. पत्नी की बात सुनने के बाद विपिन ने उसे रोकने के बजाय उसकी इच्छा के मुताबिक फैसला लेने का निर्णय किया.

मंदिर में पहनाई जयमाल

इसके बाद राहुल कुमार उपाध्याय को सीतापुर के मिश्रिख बुलाया गया. यहां राहुल ने भी रेखा के साथ रहने की इच्छा जताई. शनिवार शाम करीब पांच बजे मिश्रिख तहसील परिसर में जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की गई. इसके बाद तीनों हनुमान मंदिर पहुंचे. वहां रेखा और राहुल ने एकदूसरे को जयमाल पहनाई. इस दौरान विपिन भी मौके पर मौजूद रहा. रस्म पूरी होने के बाद राहुल अपने साथ आए चार लोगों के साथ रेखा को लेकर दिल्ली चला गया.

दोनों बेटों के साथ रहने का फैसला

विपिन का कहना है कि अब उसका रेखा से कोई लेनादेना नहीं है. वह अपने दोनों बेटों के साथ खुश है. शादी के 17 साल बाद पत्नी को उसकी इच्छा के मुताबिक प्रेमी के साथ विदा करने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, इस फैसले के बाद परिवार के भविष्य और दोनों बेटों की जिम्मेदारी को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा हो रही है.

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।