Man Killed In Love Affair: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में देर रात प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी गई. हत्या की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग रहा था, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. आरोपी को पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. मामला दो अलगअलग समुदायों से जुड़ा होने के चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.

आरोपी का वीडियो भी वायरल हुआ है. हालांकि, वीडियो में संवेदनशील कंटेंट होने के कारण हम उसे शेयर नहीं कर सकते. कांट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दिलावरपुर गांव के पास गौतम नाम का युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है. स्थानीय नागरिकों ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को कांट सीएचसी पहुंचाया. पुलिस ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कराया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
गांव की ही साइकिल दुकान पर काम करता था मृतक
शुरुआती जांच में घटना के पीछे के कारण और मृतक की पहचान सामने आई है. मृतक की पहचान कमल नयनपुर गांव निवासी गौतम के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर एक साइकिल की दुकान पर काम करता था. जांच में उसी के गांव के एक युवक का नाम मुख्य आरोपी के रूप में प्रकाश में आया है. आरोपी ने गौतम के सिर और कंधे पर धारदार हथियार से कई घातक वार किए थे, जो उसकी मौत का कारण बने. पकड़े जाने पर आरोपी बोला उसने मेरी बहन के साथ गलत किया, इसीलिए मारा.
4 हिरासत में, एसपी सिटी के नेतृत्व में 2 टीमें गठित
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मर्चरी में मौजूद परिजनों से बातचीत की. एसपी ने बताया कि मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। एसपी सिटी के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का औपचारिक खुलासा किया जाएगा.



