शेयर बाजार में टेलीकॉम सेक्टर की कंपनियों का दबदबा लगातार देखने को मिल रहा है. निवेशकों का भरोसा उन कंपनियों पर ज्यादा है जिनके पास बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में भारी उछाल दर्ज किया गया है. कंपनी को टीसीएस की तरफ से एक बड़ा लेटर ऑफ इंटेंट मिला है. इस डील की खबर मिलते ही तेजस के शेयर रॉकेट की तरह भागे. शेयर बाजार में स्टॉक ने इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान करीब 13 प्रतिशत की तूफानी छलांग लगाई. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इस जोरदार तेजी के बाद कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की. इसके चलते भाव में थोड़ी नरमी जरूर आई, लेकिन स्टॉक निचले स्तर पर खरीदारी के सपोर्ट से अब भी मजबूत स्थिति में टिका हुआ है. बीएसई पर शेयर कारोबार के दौरान ₹576.80 के हाई तक पहुंच गया था.

ऑर्डर बुक से बड़ी नई डील
तेजस नेटवर्क्स को मिला ये नया ऑर्डर सीधे तौर पर बीएसएनएल के 4G नेटवर्क विस्तार से जुड़ा है. टीसीएस ने 18,685 साइट्स पर रेडियो एक्सेस नेटवर्क इक्विपमेंट, एक्सेसरीज के साथ इंस्टॉलेशन की सप्लाई का काम तेजस को सौंपा है. इस बड़े ऑर्डर की कुल कीमत 1,537 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस डील की सबसे दिलचस्प बात ये है कि ये रकम कंपनी के कुल मौजूदा ऑर्डर बुक से भी कहीं ज्यादा है. आंकड़ों के मुताबिक जून 2026 तिमाही के अंत तक तेजस नेटवर्क्स का ऑर्डर बुक 1529 करोड़ रुपये का था. तेजस का कहना है कि टीसीएस बहुत जल्द इस काम के लिए विस्तृत पर्चेज ऑर्डर भी जारी कर देगी.
बीएसएनएल 4G में तेजस की भूमिका
बीएसएनएल के 4G नेटवर्क विस्तार प्रोजेक्ट पर एक साल से भी ज्यादा समय से काम चल रहा है. बीते समय में टीसीएस को बीएसएनएल से 4G नेटवर्क की प्लानिंग, सप्लाई से लेकर मेंटेनेंस तक का 2,903 करोड़ रुपये का एडवांस पर्चेज ऑर्डर मिला था. इस पूरे प्रोजेक्ट में तेजस नेटवर्क्स एक अहम कड़ी साबित हो रही है. तेजस ने बीएसएनएल के स्वदेशी 4G रोलआउट के लिए पहले भी इक्विपमेंट सप्लाई किए हैं. आपको बता दें कि टीसीएस उस पूरे कंसोर्टियम की कमान संभाल रही है जिसमें सीडॉट भी शामिल है. शुरुआत में इस प्रोजेक्ट में 1 लाख से अधिक साइट्स थीं, जिसमें तेजस नेटवर्क्स को भारीभरकम ऑर्डर मिले थे.
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?
अगर कंपनी के कारोबारी आंकड़ों पर नजर डालें, तो जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू का प्रदर्शन शानदार रहा है. सालाना आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 202 करोड़ रुपये से लगभग दोगुना होकर 404 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. लेकिन रेवेन्यू में इस बंपर बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी का नेट लॉस भी 194 करोड़ से बढ़कर 202 करोड़ रुपये हो गया है. जून तिमाही में 5G रेडियो के इंटरनेशनल शिपमेंट के साथ घरेलू बाजार में प्रोडक्ट्स की सप्लाई से रेवेन्यू को अच्छा सपोर्ट मिला है. कर्ज की बात करें तो कंपनी पर 4,866 करोड़ का कुल कर्ज है, जबकि नेट कर्ज 4,277 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.
शेयरों ने दिया बंपर रिटर्न
तेजस नेटवर्क्स के शेयर ने अपने निवेशकों को पिछले कुछ समय में तगड़ा रिटर्न दिया है. 27 जनवरी 2026 को शेयर अपने एक साल के सबसे निचले स्तर ₹294.10 पर ट्रेड कर रहा था. लेकिन सिर्फ 5 महीने के भीतर ही इस स्टॉक ने शानदार कमबैक किया. 19 जून 2026 को ये स्टॉक 119 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर ₹644.75 के हाई पर पहुंच गया था. अब टीसीएस से नया ऑर्डर मिलने के बाद निवेशकों का भरोसा इस शेयर पर फिर से बढ़ रहा है.



