Featured Image

बिलासपुर। 05 अक्टूबर 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर में बाइक से लिफ्ट देने वाले युवक की जान पर बन आई। नगपुरा से व्यापार विहार जा रहे युवक से लिफ्ट लेने वाले परिचित ने सिरगिट्टी पहुंचते ही शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर 3 युवकों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

आरोपियों ने युवक के गले से चांदी की चेन छीनने की कोशिश भी की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिरगिट्टी थाना इलाके का है।

पढ़िए क्या है मामला?

नगपुरा निवासी राघवेंद्र यादव व्यापार विहार में शेयर मार्केट का काम करता है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, वह रात तकरीबन 8:30 बजे सिरगिट्टी से व्यापार विहार जा रहा था। इसी दौरान एक परिचित ने उससे लिफ्ट मांगी। राघवेंद्र ने उसे सिरगिट्टी देसी शराब भट्ठी के पास उतार दिया।

शराब भट्ठी के पास,शराब पीने मांगे रुपये, तीन युवकों ने किया हमला

राघवेंद्र के मुताबिक, परिचित को उतारने के बाद वहां तीन लोग पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

चेन छीनने के लिए डेढ़ मीटर तक घसीटा

आरोपियों में से एक ने राघवेंद्र के गले की चांदी की चेन छीनने की कोशिश की। चेन के लिए उसे करीब डेढ़ मीटर तक घसीटा गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की शिकायत के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर निखिल पुरी, तुसार जाल और विशाल गजभिए को गिरफ्तार कर लिया। सिरगिट्टी टीआई यशवंत प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।