तांत्रिक ने हिलाए हाथ, होने लगी नोटों की बारिश! छत्तीसगढ़ में ठगी और लूट का अजीब मामला.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ठगी और लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. तांत्रिक विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा देकर लाखों की ठगी की गई. वायरल वीडियो में नोटों की बारिश दिखाई गई, जो पूरी तरह फर्जी निकला.

VIDEO: तांत्रिक ने हिलाए हाथ, होने लगी नोटों की बारिश! छत्तीसगढ़ में ठगी और लूट का अजीब मामला

Money Doubling Tantrik Scam: आपने ठगी के कई किस्से सुने होंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सामने आया यह मामला सबसे अलग और चौंकाने वाला है. यहां तांत्रिक विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का लालच दिया गया, फिर उसी ठगी ने लूट का रूप ले लिया. इस पूरे मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जो शख्स लूट का शिकार बना, वही पहले ठगी कर चुका था, और जो पैसे वापस मांग रहे थे, वे बाद में आरोपी बन गए. यह कहानी जितनी अजीब है, उतनी ही उलझी हुई भी.

पहले जानें वायरल वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक तांत्रिक मंत्र पढ़ते हुए हाथ हिलाता नजर आता है और सामने नोटों की बारिश होती दिखाई देती है. वीडियो देखकर लोग हैरान हो रहे हैं, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी है और सिर्फ लोगों को ठगने के मकसद से तैयार किया गया था.

तंत्र‑मंत्र से पैसे दोगुना करने का झांसा

पुलिस के अनुसार, कोरबा जिले के तिवरता निवासी विजय कुमार राज ने खुद को तांत्रिक विद्या में माहिर बताकर चार युवकों को अपने जाल में फंसाया. उसने दावा किया कि वह तंत्र‑मंत्र के जरिए पैसों को कई गुना बढ़ा सकता है. इस झांसे में आकर चारों युवकों ने उसे करीब ढाई लाख रुपये दे दिए.

पैसे नहीं बढ़े, खुली ठगी की पोल

काफी समय बीतने के बाद भी जब पैसा दोगुना नहीं हुआ, तब युवकों को ठगी का अहसास हुआ. उन्होंने विजय से अपने दिए हुए रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि विजय ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया. इसी बात से नाराज होकर मामला बिगड़ता चला गया.

ठगी से लूट तक पहुंचा मामला

गुस्से में आकर चारों युवकों ने रतनपुर थाना क्षेत्र के एनएच‑130 पर विजय की कार को रोक लिया. आरोप है कि उन्होंने विजय के साथ लूटपाट की. घटना के वक्त कार में विजय के साथ तीन महिलाएं भी मौजूद थीं. लुटेरों ने महिलाओं के पर्स, मोबाइल फोन और कार लूट ली और मौके से फरार हो गए.

पुलिस जांच में सामने आया पूरा सच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर जांच शुरू की. कुछ ही समय में लूटी गई कार को मनेंद्रगढ़ से बरामद कर लिया गया. इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पूछताछ के दौरान जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया.

लुटा भी ठग, ठगा भी लुटेरा

जांच में पता चला कि यह कोई सामान्य लूट की वारदात नहीं थी. असल वजह पहले हुई ठगी थी. यानी लूट का शिकार बना विजय कुमार राज पहले खुद तंत्र‑मंत्र के नाम पर ठगी कर चुका था. इसी कारण पुलिस ने अब इस मामले में दो‑दो एफआईआर दर्ज की हैं.

दो अलग‑अलग थानों में केस

बिलासपुर पुलिस ने ठगी के मामले में विजय कुमार राज के खिलाफ बिल्हा थाने में एफआईआर दर्ज की है. वहीं, लूट के मामले में चार युवकों के खिलाफ रतनपुर थाने में केस दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की अलग‑अलग जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *