Mumbai Crime: मुंबई के पवई इलाके से एक ऐसी घिनौनी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी भरोसा उठ जाए. एक 30 साल के शादीशुदा आदमी ने ट्रांसजेंडर (किन्नर) का भेष बदला और एक महिला के घर में घुसकर आर्शीवाद के नाम पर जैसी शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया. आरोपी खुद शादीशुदा है और जिसका एक बेटा भी है. यह दरिंदा साड़ी पहनकर खुद को ‘किन्नर’ बताकर लोगों के घरों में घुसता था और बच्चा होने का ‘आशीर्वाद’ देने के नाम पर घिनौनी साजिश रचता था. पवई में रहने वाली एक महिला के साथ उसने जो किया, वह किसी की भी हैवानियत से कम नहीं है. विश्वास का फायदा उठाकर घर में घुसा और फिर अपनी हवस पूरी करके रफूचक्कर हो गया. आखिर एक सामान्य दिखने वाला शख्स इतना बड़ा ‘बहुरूपिया’ कैसे बन गया और पुलिस ने कैसे 120 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया, आइए जानते हैं इस चौंकाने वाली वारदात की पूरी इनसाइड स्टोरी.

खुद को ‘किन्नर’ बताकर रची खौफनाक साजिश

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पवई में रहने वाली एक महिला, जिसकी शादी को करीब 5 साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी. इसी कमजोरी का फायदा उठाने के लिए अनिल शिंदे नाम के इस शख्स ने एक खतरनाक प्लान बनाया. उसने साड़ी पहनी, खुद को किन्नर बताया और महिला के घर पहुंच गया. घर पर उस वक्त महिला की एक बुजुर्ग रिश्तेदार मौजूद थी. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उसने पहले बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला का भरोसा जीता और फिर बातचीत के दौरान उसे पता चला कि घर की बहू को संतान नहीं है. बस यहीं से उसकी घिनौनी सोच सक्रिय हो गई.

‘आशीर्वाद’ के नाम पर की हैवानियत

आरोपी ने घर वालों को विश्वास दिलाया कि वह एक खास ‘अनुष्ठान’ जानता है, जिससे संतान का सुख मिल सकता है. परिवार उसकी बातों में आ गया और उसे घर के अंदर आने की इजाजत दे दी. महिला को बेड पर लिटाकर उसने पहले सिर पर हाथ रखने का नाटक किया, और फिर देखते ही देखते अपनी असलियत पर उतर आया. उसने महिला के साथ छेड़छाड़ की और फिर शारीरिक शोषण किया. इसके बाद वह बड़ी बेशर्मी से महिला से 2,000 रुपये ऐंठकर वहां से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब महिला को अपनी आपबीती का अहसास हुआ, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई.

120 सीसीटीवी कैमरे और ऑटो वाले की मदद

घटना के बाद पीड़ित महिला ने अपने पति को सब कुछ बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि आरोपी का कोई सुराग नहीं था. पवई पुलिस ने करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. काफी मशक्कत के बाद पुलिस को वह ऑटो मिला जिसमें बैठकर आरोपी भाग रहा था. ऑटो वाले से पूछताछ और टेक्निकल इनपुट्स के जरिए पुलिस ठाणे के कलवा तक पहुंची और उस रात ही ‘बहुरूपिया’ अनिल शिंदे को धर दबोचा.

पहले भी किसी को बना चुका है शिकार?

पुलिस की छानबीन में जो सच सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला था. आरोपी अनिल शिंदे असल में शादीशुदा है, उसकी पत्नी है और एक बच्चा भी है. वह खाली समय में साड़ी पहनकर किन्नर बनकर घूमता था और लोगों को झांसा देकर उनसे ठगी या अन्य वारदातें करता था. अब पुलिस उसके फोन रिकॉर्ड्स और पुरानी हरकतों की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या उसने मुंबई और ठाणे में और भी परिवारों को इस तरह अपना शिकार बनाया है. फिलहाल, आरोपी को कोर्ट ने पुलिस कस्टडी में भेज दिया है और पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि कहीं कोई और पीड़ित भी है जिसने डर के मारे अब तक शिकायत नहीं की.