जब से जियो प्लेटफॉर्म्स शेयर बाजार में लिस्ट हुई है, रुकने का नाम नहीं ले रही है. बुधवार को जहां कंपनी अपने इश्यू से करीब 27 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुई थी. वहीं गुरुवार को कंपनी का शेयर अपने इश्यू प्राइस से 33 फीसदी से ज्यादा उछल गया और नए रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. कंपनी का शेयर 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 1490 रुपए के लेवल पर दिखाई दिया. जिसकी वजह से कंपनी की वैल्यूएशन में 67,213 करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली.

जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में कंपनी के शेयर में 28 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. खास बात तो ये है कि ​जियो प्लेटफॉर्म्स मार्केट कैप के मामले में अपनी पेरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से महज 2.41 लाख करोड़ रुपए पीछे है. अगर जियो के शेयरों में इसी तरह की तेजी देखने को मिली तो मार्केट कैप के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज भी पीछे छूट जाएगा. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स के आंकड़े किस तरह के देखने को मिल रहे हैं.

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा तेजी

शेयर बाजार के आंकड़ों को देखें तो शुरुआती कारोबारी सत्र में जियो के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर 1,490 रुपए के साथ रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. खास बात तो ये है कि ये लेवल कंपनी के इश्यू प्राइस से 33 फीसदी से भी ज्यादा है. जबकि एक दिन पहले कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस से करीब 27 फीसदी की तेजी के साथ 1,417.35 रुपए पर बंद हुआ था. अगर बात आज की करें तो जियो का शेयर 1,448.05 रुपए पर ओपन हुआ था. वैसे सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर कंपनी का शेयर 3.74 फीसदी की तेजी के साथ 1470.40 रुपए पर कारोबार कर रहा है. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में कंपनी के शेयरों में और तेजी देखने को मिल सकती है.

वैल्यूएशन में 67 हजार करोड़ रुपए का इजाफा

अगर बात कंपनी की वैल्यूएशन की करें तो इसमें भी काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है. जब कंपनी का शेयर रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा तो वैल्यूएशन 13,73,974.56 करोड़ रुपए थी. जबकि एक दिन पहले शेयर बाजार बंद होने के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 13,06,761.47 करोड़ रुपए थी. इसका मतलब है कि कुछ मिनटों में कंपनी के मार्केट कैप में 67,213.09 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला. वैसे सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर कंपनी की वैल्यूएशन 13,50,872.73 करोड़ रुपए देखने को मिल रही है.

क्या रिलायंस को छोड़ेगी पीछे?

जिस तरह से कंपनी के शेयर भाग रहे हैं, उससे एक सवाल ये खड़ा हो गया है कि क्या आने वाले दिनों में जियो अपनी ही पेरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को मोस्ड वैल्यूड कंपनी के मामले में पीछे छोड़ देगी. अगर बात आज की करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर करीब 1.50 फीसदी की तेजी के साथ 1176.40 रुपए पर कारोबार कर रहा है. जबकि कंपनी का मार्केट कैप 15,91,764.87 करोड़ रुपए है. इसका मतलब है कि मौजूदा समय में रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स के मार्केट कैप में 2.41 लाख करोड़ रुपए का अंतर देख रहे हैं. जोकि ज्यादा नहीं है. अगर जियो की रफ्तार ऐसी ही रही तो जियो देश की मोस्ट वैल्यूड कंपनी भी बन सकती है.

शेयर बाजार का हाल

वहीं दूसरी ओर शेयर बाजार की करें तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 260.9 अंकों की तेजी के साथ 73,506.93 अंकों पर पहुंचा. जबकि सेंसेक्स की शुरुआत मामूली तेजी के साथ 73,268.47 अंकों पर हुई थी. वैसे एक दिन पहले सेंसेक्स गिरावट के साथ 73,246.03 अंकों पर बंद हुआ था. वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी करीब 62 अंकों की तेजी के साथ 22,760.70 अंकों पर ट्रेड कर रहा है. कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 22,769.70 अंकों के साथ दिन के हाई पर थी पहुंचा था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में शेर बाजार में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है.