Featured Image

महाराष्ट्र के हिंगोली में पेट्रोल पंप सील करने गए इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर महेश शेल्के की ऑपरेटर के बेटे ने तीखी बहस के बाद चाकू से 7 वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 5 लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

Indian Oil Manager Murder: देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपनी आधिकारिक ड्यूटी निभा रहे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के एक सेल्स मैनेजर की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना तब घटी जब मृतक अधिकारी महेश शेल्के अपनी टीम के साथ एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंचे थे, जो तकनीकी दिक्कतों के चलते पिछले तीन महीनों से बंद चल रहा था।

पेट्रोल पंप सील करने पर हुआ खूनी विवाद

पुलिस के मुताबिक, सेल्स मैनेजर महेश शेल्के और उनकी टीम मंगलवार शाम चोंधी इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंची थी ताकि उसे नियमों के तहत सील किया जा सके। इस दौरान पंप ऑपरेटर साहेबराव पांडववीर के परिवार ने कामकाज दोबारा शुरू करने के लिए प्रशासन से एक महीने की मोहलत मांगी, जिसे अधिकारियों ने खारिज कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर ऑपरेटर के बेटे उमेश पांडववीर ने महेश शेल्के पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ सात वार कर दिए।

Mahesh Shelke Murder: पेट, पीठ और चेहरे पर किए गए 7 वार

चाकू के ताबड़तोड़ हमलों से बुरी तरह घायल हुए शेल्के मौके पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी और उनके साथी मौके से दो कारों में सवार होकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कुरंदा पुलिस स्टेशन में हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।

Indian Oil Officer: चेयरमैन और पेट्रोलियम मंत्री ने जताया दुख

इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि शेल्के आधिकारिक ड्यूटी निभा रहे थे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के उच्च अधिकारियों से इस मामले में जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी हत्या पर दुख और हैरानी जताई। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शेल्के उस टीम का हिस्सा थे, जो हिंगोली में इंडियनऑयल के रिटेल आउटलेट का कामकाज संभालने पहुंची थी। पुरी ने घटना को अस्वीकार्य हिंसा बताते हुए दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शेल्के के परिवार को मंत्रालय और इंडियन ऑयल की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।