
ग्वालियर |07 अक्टूबर 2026| मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ सरकारी योजनाओं के काम में देरी और लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के अलग-अलग सर्कलों में तैनात 50 से ज्यादा पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई किसी एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में चल रहे समीक्षा अभियान के तहत ग्वालियर में भी यह कदम उठाया गया है।
काम में ढिलाई की वजह से बढ़ी नाराजगी
जानकारी के मुताबिक, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लगातार देरी हो रही थी। बार-बार हिदायत देने के बावजूद जब काम में तेजी नहीं आई, तो एसडीएम स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने इलाकों के पटवारियों को नोटिस थमाना शुरू कर दिया। अफसरों का कहना है कि शासकीय काम में किसी भी तरह की टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन कामों में अटका था मामला
जिन कामों को लेकर यह कार्रवाई हुई है, उनमें मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकार की स्वामित्व योजना का काम शामिल है। इसके अलावा फसलों की गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री का काम और किसानों का ई-केवाईसी (e-KYC) समय पर पूरा न होना भी बड़ी वजह रही। इन सभी कामों की समीक्षा के दौरान कई पटवारियों के पास पेंडेंसी बहुत ज्यादा पाई गई।
लापरवाही जारी रहने पर निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन की ओर से जारी इस नोटिस से राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। नोटिस मिलने वाले सभी पटवारियों को हिदायत दी गई है कि वे तय समय सीमा के भीतर पेंडिंग पड़े सभी आवेदनों और कामों को निपटाएं। अफसरों ने साफ कर दिया है कि अगर इसके बाद भी काम में सुधार नहीं दिखता है या लापरवाही जारी रहती है, तो आगे और भी कठोर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है
ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।

