Gorakhpur power cut: गोरखपुर में पतिपत्नी के घरेलू विवाद का ऐसा असर देखने को मिला, जिससे इलाके के 1000 से ज्यादा घरों की बिजली करीब दो घंटे तक गुल रही. दरअसल, झगड़े के दौरान घर से बाहर फेंके गए कपड़े पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार में जाकर फंस गए. इसके कारण बिजली लाइन बारबार ट्रिप होती रही और विभागीय कर्मचारियों को फाल्ट तलाशने के लिए रात में लाइन की पेट्रोलिंग करनी पड़ी. कपड़े हटाने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी.

पूरा मामला गोरखपुर के रामजानकी नगर इलाके का है. मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. रामजानकी नगर फीडर के लाइनमैन ने सप्लाई बहाल करने की कोशिश की, लेकिन बिजली चालू करते ही लाइन बारबार फाल्ट हो रही थी. शुरुआती प्रयासों के बाद भी जब समस्या का पता नहीं चला तो बिजली विभाग की टीम ने फीडर और आसपास की लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की.

पेट्रोलिंग में सामने आई फाल्ट की वजह

पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों की नजर 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार पर पड़ी, जहां कपड़े लटके हुए दिखाई दिए. इसके बाद कर्मचारियों को बिजली फाल्ट की असल वजह समझने में देर नहीं लगी. जांच और पूछताछ में पता चला कि एक घर में पतिपत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के दौरान दोनों ने गुस्से में घर के कपड़े बाहर फेंकना शुरू कर दिया.

इसी दौरान कुछ कपड़े घर के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार पर जा गिरे और वहीं फंस गए. कपड़ों के तार के संपर्क में आने से लाइन ट्रिप होने लगी और आसपास के बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.

दो घंटे तक परेशान रहे लोग

बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार सप्लाई बहाल करने की कोशिश करते रहे, लेकिन कपड़ों के तार में फंसे होने के कारण बारबार फाल्ट हो रहा था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। करीब दो घंटे तक 1000 से ज्यादा घरों में अंधेरा छाया रहा. गर्मी के बीच बिजली गुल होने से स्थानीय लोग परेशान हो गए और लगातार बिजली विभाग में शिकायतें दर्ज कराते रहे.

शटडाउन लेकर हटाए गए कपड़े

बारबार प्रयास के बावजूद फाल्ट ठीक नहीं होने पर बिजली विभाग की टीम ने लाइन की दोबारा जांच की. हाईटेंशन तार पर कपड़े फंसे मिलने के बाद सुरक्षा के लिए शटडाउन लिया गया. इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक तारों में फंसे कपड़ों को हटाया और लाइन की जांच की. फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई.

करीब दो घंटे बाद बिजली लौटने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू विवाद के दौरान बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की लाइन में फंस गए थे, जिसके चलते बिजली ट्रिप हो रही थी. कपड़े हटाने और फाल्ट ठीक करने के बाद इलाके में सप्लाई सामान्य कर दी गई.