Kanpur News: उत्तर प्रदेश में कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र स्थित विश्व बैंक कॉलोनी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेंट कारोबारी का शव उनके ही घर के बेडरूम में मिला. कई दिनों से घर के अंदर पड़े शव से बदबू आने लगी थी. पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली युवती को जब दुर्गंध महसूस हुई तो उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई. उसने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो मकान मालिक अनुराग बघेल बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। कोई हलचल न होने पर उसने तुरंत पड़ोस में रहने वाले उनके छोटे भाई चेतन को सूचना दी.

जानकारी मिलते ही चेतन घर पहुंचे. उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. अंदर जाकर देखा तो अनुराग बघेल की मौत हो चुकी थी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. बर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा होती रही.

कारोबारी का घर में मिला शव

पुलिस के अनुसार, अनुराग बघेल पेंट का कारोबार करते थे. परिवार में उनकी पत्नी प्रियंका, बेटा हंस और बेटी चित्रांशी हैं. बताया गया कि करीब छह महीने पहले उनकी पत्नी बच्चों की पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई थीं. तब से अनुराग कानपुर स्थित घर में अकेले रह रहे थे. मृतक के छोटे भाई चेतन, जो ऑटो पार्ट्स का कारोबार करते हैं, ने बताया कि परिवार के लोग समयसमय पर उनसे संपर्क करते रहते थे. वहीं चेतन की पत्नी देवेंद्री ने बताया कि उन्होंने 30 जुलाई की शाम अनुराग को आखिरी बार घर के बाहर टहलते हुए देखा था. उसके बाद से वह किसी को दिखाई नहीं दिए. चूंकि अनुराग अकेले रहते थे, इसलिए कई दिनों तक किसी को उनकी गैरमौजूदगी का अंदाजा नहीं हो सका.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.