Rajasthan News: उदयपुर के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार गांव में शादी के घर में अचानक मातम छा गया. बेटी की शादी के दिन परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां शादी की तैयारियों के बीच अचानक पिता शंकर लाल के सीने में दर्द उठा और तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई. इस परिस्थिति में परिजनों ने धैर्य रखते हुए आपसी सहमति से पिता के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया.

फिर वर पक्ष के निकटतम सदस्यों के साथ सादगीपूर्ण माहौल में बेटी के फेरे करवाए गए. इसके बाद दूसरे दिन पिता का अंतिम संस्कार किया गया. माबेटी को पिता के निधन की खबर सुनकर सदमा नहीं लगे, इसलिए शादी होने तक बेटी को ये बात नहीं बताई गई. मां और बेटी को ये बोला गया कि पिताजी अभी आईसीयू में भर्ती हैं और सीरियस है. बात करने की स्थिति में नहीं हैं. शंकरलाल मेघवाल अहमदाबाद में निजी कंपनी में ड्राइवर थे. उनके तीन बच्चे हैं.

बिंदौली में पिता जमकर नाचे, शादी की रस्मों के बीच बिगडी तबियत

सबसे बड़ी बच्ची प्रियंका की शादी थी. प्रिंयका से छोटे दो बेटे हैं. शंकर लाल अपनी बेटी प्रियंका की बिंदोली में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए थे और जमकर नाचे भी थे. 20 नवंबर देर रात को शादी की रस्मों के बीच अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद शंकरलाल की तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिर परिजनों ने इस कठिन परिस्थिति में धैर्य का परिचय दिया.

उसी रात फेरे करवाए गए, फिर पिता का अंतिम संस्कार किया गया

वर पक्ष को जानकारी देते हुए उसी रात फेरे करवाए गए. इसके बाद दूसरे दिन 21 नवंबर को मृतक पिता का अंतिम संस्कार किया गया. पटियार निवासी शंकरलाल अपनी बेटी के विवाह की तैयारियों में बड़े उत्साह के साथ जुटे हुए थे. घर में मंडप सजा था और सभी पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं. शाम को बड़ी धूमधाम के साथ बेटी की बिंदोली निकाली गई. जिसमें पिता शंकरलाल भी परिजनों और ग्रामीणों के साथ नाचतेगाते हुए शामिल हुए.

हालांकि, बिंदोली खत्म होने के करीब 1 घंटे बाद ही शंकरलाल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. परिजन तुरंत उन्हें ऋषभदेव हॉस्पिटल लेकर गए. जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर शहर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया. परिजन यहां लेकर पहुंचे. तब डॉक्टर ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया.

उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट