हरियाणा के पलवल में एक पिता अपनी 22 साल की बेटी के इलाज के लिए सरकारी दफ्तरों और सामाजिक संस्थाओं के चक्कर काटने को मजबूर है. बेटी की रीढ़ की हड्डी में जन्म से परेशानी है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिता उसका इलाज नहीं करा पा रहा है. बेटी को ठीक कराने की उम्मीद लेकर पिता सतबीर पलवल के लघु सचिवालय पहुंचा, लेकिन यहां जिला उपायुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी. निराश होकर उसे अपनी बेटी को लेकर वापस घर लौटना पड़ा. अब पिता ने सरकार और सामाजिक संस्थाओं से मदद की गुहार लगाई है, ताकि उसकी बेटी का इलाज हो सके और वह सामान्य जिंदगी जी सके.

पलवल की शमशाबाद बस्ती निवासी सतबीर अपनी 22 वर्षीय बेटी खुशबू के इलाज के लिए लंबे समय से परेशान है. सतबीर के मुताबिक, खुशबू की रीढ़ की हड्डी में जन्म से ही समस्या है. उसने बेटी के इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर काटे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसका इलाज आगे नहीं बढ़ पा रहा है. परिवार के पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह बेटी के इलाज का खर्च उठा सके.

इसी उम्मीद में सतबीर सोमवार को बेटी को लेकर पलवल के लघु सचिवालय पहुंचा था. वह जिला उपायुक्त से मिलकर अपनी परेशानी बताना चाहता था, लेकिन कार्यालय में उपायुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद वह निराश होकर बेटी को लेकर घर लौट गया.

पहले भी कई बच्चों को खो चुका है परिवार

सतबीर ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि खुशबू उसके लिए सिर्फ बेटी नहीं, बल्कि जीने का एकमात्र सहारा है. उसने बताया कि इससे पहले उसके कई बच्चे हुए थे, लेकिन जन्म के कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। अब परिवार में खुशबू ही उसकी इकलौती संतान है. वह अपनी बेटी को स्वस्थ देखना चाहता है और उसके बेहतर भविष्य की उम्मीद लगाए बैठा है.

सतबीर का कहना है कि वह अपनी आर्थिक हैसियत के मुताबिक बेटी के इलाज के लिए हर संभव प्रयास कर चुका है, लेकिन अब उसके पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं. ऐसे में उसे सरकार और सामाजिक संस्थाओं से मदद की उम्मीद है.

‘मैं जीना चाहती हूं, मेरा इलाज कराया जाए’

वहीं, 22 वर्षीय खुशबू ने भी अपनी परेशानी बताते हुए मदद की अपील की है. उसने बताया कि बचपन में उसके दिल में छेद था. उस समय उसके पिता ने काफी मुश्किलों से पैसे जुटाकर उसका इलाज कराया था. अब उसकी रीढ़ की हड्डी टेढ़ी है, जिसके लिए इलाज की जरूरत है.

खुशबू का कहना है कि उसके पिता ने पहले भी उसके इलाज के लिए काफी संघर्ष किया है. अब परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह दोबारा इलाज का खर्च उठा सके. वह खुद जीना चाहती है और स्वस्थ होकर सामान्य जिंदगी बिताना चाहती है.

रिपोर्ट प्रवीण आहूजा