Featured Image

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय बच्ची की मौत के 52 दिन बाद उसके शव को कब्र से बाहर निकाला गया है. जिसके बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. अब मृतक बच्ची का परिवार भी शक के घेरे में आ गया है. क्योंकि एक स्थानीय निवासी ने बच्ची की मौत के लेकर शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में किशोरी की मौत और उसके जल्दबाजी में किए गए अंतिम संस्कार पर गंभीर सवाल उठाए गए थे. जिसके बाद जिला प्रशासन के आदेश पर शनिवार को किशोरी के शव को कब्र से बाहर निकाला गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा सके.

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शाह जमाल कब्रिस्तान में की गई. नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, पुलिस अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्र से बाहर निकाला गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत के कारणों की जांच की जा सके.

क्या बोला शिकायतकर्ता?

मामले की शुरुआत स्थानीय निवासी दुलारे खान की लिखित शिकायत से हुई. शिकायत में उन्होंने बताया कि 8 जून की सुबह पास की मस्जिद से लौटते समय उन्हें शाह जमाल क्षेत्र के एक घर से चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवाज सुनकर उन्होंने घर का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन अंदर से किसी ने कोई जवाब नहीं दिया.

दुलारे खान के अनुसार, अगले दिन पड़ोसियों से उन्हें पता चला कि उसी घर में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की अचानक मौत हो गई थी. उनका आरोप है कि परिवार के लोगों की मौजूदगी में सूर्योदय से पहले ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई.

क्या लगाए आरोप?

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मामले को आगे बढ़ाने की कोशिश करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिलीं. इसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाई. शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की समीक्षा की और शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश जारी किया.

नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्र से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि अब तक सामने आए नए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.