नॉर्थ ईस्ट के एक राज्य ने सरकारी कर्मचारियों को गुड न्यूज देते हुए महंगाई भत्ते में इजाफा कर दिया है. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के अनुसार, अक्टूबर में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 3% की बढ़ोतरी की है, जिससे यह मूल वेतन का 44% हो गया है. इस साल इसमें कुल 8% और 2022 से अब तक 36% की वृद्धि हुई है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, त्रिपुरा कैबिनेट ने DA और DR में दूसरी बार बढ़ोतरी की घोषणा की है. साथ ही, सरकारी कर्मचारियों के लिए मकान किराया भत्ता को बढ़ाकर मूल वेतन का 10% कर दिया गया है, जिसकी अधिकतम सीमा 10,000 रुपए प्रति माह तय की गई है. ये दोनों बदलाव 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. साहा ने बताया कि इस बढ़ोतरी से राज्य के खजाने पर सालाना लगभग 300 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.

इससे पहले की थी 5% की बढ़ोतरी की घोषणा की

इससे पहले राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए DA और DR में 5% की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो 1 अप्रैल से लागू हुई थी. साहा ने तब बताया था कि इससे राज्य के खजाने पर सालाना 500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के 1,02,563 कर्मचारियों और 81,019 पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा.

रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि हम कर्मचारियों के DA को लगातार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के साथ उनके DA के अंतर को कम किया जा सके. बता दें कि पिछले महीने केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 60 फीसदी DA दे रही थी, जबकि उससे पहले यह 58 फीसदी था.

2022 से अब तक DA में 36% की बढ़ोतरी

रिपोर्ट के मुताबिक, 27 नवंबर को होने वाले निकाय चुनावों से पहले, रविवार 22 नवंबर को अगरतला में BJP के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहा ने कहा कि उनकी सरकार ने जुलाई 2022 से अब तक DA में 36 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी की है — यानी इसे 8% से बढ़ाकर 44% कर दिया है. ऐसा राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच DA के अंतर को कम करने के लिए किया गया है. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में किसी भी सरकार ने इतने कम समय में DA में 36% की बढ़ोतरी नहीं की है.

उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार के कर्मचारियों और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच के अंतर को कम करने के लिए मौजूदा सरकार के प्रयासों को दर्शाता है. अगर हम DA के इस अंतर को कम नहीं करते हैं, तो पूरे राज्य को नुकसान होगा, क्योंकि राज्य को अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भुगतान करने के लिए फंड मिलता है. 1% DA/DR जारी करने के लिए कुल 100 करोड़ रुपए की आवश्यकता होती है.

8वें वेतन आयोग पर सीएम

8वें वेतन आयोग के कार्यकाल के दौरान वेतन संशोधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है. साहा ने आगे कहा कि मैंने वित्त मंत्री प्रणजीत सिंहा रॉय के साथ वेतन संशोधन के मुद्दे पर चर्चा की है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार ने संशोधित वेतन ढांचे को लागू करने की दिशा में पहले ही कदम बढ़ा दिए हैं. हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे.

उन्होंने आगे बताया कि पिछली सरकार ने 7वें वेतन आयोग के तहत 2.25 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया था, जबकि BJP के नेतृत्व वाली सरकार ने जुलाई 2018 में इसे बढ़ाकर 2.57 कर दिया, जिससे कर्मचारियों के वेतन में औसतन 8% की वृद्धि हुई. उन्होंने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर वेतन बनाए रखने पर भी जोर दिया और कहा कि आर्थिक विकास को बनाए रखने के लिए राज्य सरकार पूंजीगत व्यय में भारी निवेश कर रही है.