साल 2012 की बात है. एक बड़ी ग्लोबल टेक कंपनी की साउथ एशिया हेड बनकर भारत लौटीं देवजानी घोष गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंची थीं. उनकी टीम गुजरात के स्कूलों में ये दिखाने पर काम कर रही थी कि कंप्यूटर पढ़ाई का तरीका कैसे बदल सकते हैं. देवजानी ने एक शानदार प्रेजेंटेशन तैयार किया था, जिसमें मशीनों की खूबियां गिनाई गई थीं. PM मोदी ने बड़े आराम से पूरी बात सुनी, फिर एक सीधा सा सवाल पूछा “इन सबसे छात्रों के लिए क्या बदलेगा?”

NITI आयोग में एक डिस्टिंग्विश्ड फेलो के तौर पर काम कर रही देवजानी बारबार तकनीक की ताकत बताती रहीं, लेकिन मोदी हर बार वही सवाल दोहराते रहे. कुछ पल रुककर जब उन्होंने इस बात पर गौर किया, तो उन्हें एक गहरी सच्चाई समझ आई. किसी भी तकनीक की असली पहचान उसके प्रोसेसर की स्पीड या ट्रांजिस्टर की संख्या से नहीं होती. उसकी असली कीमत इस बात से तय होती है कि आम इंसान उसका इस्तेमाल करके क्या कर पाता है और उससे उसकी जिंदगी में क्या फर्क पड़ता है.
जब PM मोदी के एक सवाल ने बदल दी सोच
नीति आयोग की डिस्टिंग्विश्ड फेलो देवजानी घोष मानती हैं कि 2012 में मिला ये सबक आज पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है. आज पूरी टेक इंडस्ट्री आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस बनाने की होड़ में लगी है. ऐसी मशीनें तैयार हो रही हैं जो इंसानी दिमाग की बराबरी कर सकती हैं या उससे आगे निकल सकती हैं. लेकिन इस दौड़ में सबसे बड़ा सवाल पीछे छूट रहा है कि आखिर इससे इंसानियत को क्या फायदा होगा.
देवजानी का कहना है कि AI इंडस्ट्री का सबसे बड़ा मकसद सिर्फ ताकतवर मशीनें बनाना नहीं, बल्कि इंसानों की तरक्की होना चाहिए. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसके लिए लीडरशिप के मायने बदलने होंगे. डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम की किताब ‘पावर विदिन’ का जिक्र करते हुए वे कहती हैं कि आज हमें ऐसी लीडरशिप चाहिए जो मकसद, सेवा और दूसरों की काबिलियत बढ़ाने की जिम्मेदारी से जुड़ी हो. यानी लीडरशिप को एक मिशन की तरह देखना होगा. इसके लिए पुराने दौर की 4 बड़ी धारणाओं को बदलना जरूरी है.
तकनीक से बड़ा है असर, तेलंगाना की फातिमा की कहानी
- पहला बदलाव ये है कि लीडर्स को तकनीक के बजाय उसके असर पर ध्यान देना होगा. तकनीक आगे बढ़ेगी तो इंसान की तरक्की अपने आप हो जाएगी, ये मानकर नहीं चला जा सकता. इंसानी तरक्की को ही अपना लक्ष्य बनाना होगा.देवजानी कॉमन सर्विस सेंटर्स के जरिए चलाए गए एक कंप्यूटर लिटरेसी प्रोग्राम का जिक्र करती हैं. तेलंगाना के एक सेंटर में उनकी मुलाकात फातिमा नाम की एक दादी से हुई. फातिमा इस प्रोग्राम की सबसे जोशीली समर्थक थीं. पूछने पर उन्होंने बताया कि वे कभी अपना नाम लिखना नहीं सीख पाईं और हमेशा अंगूठा लगाती थीं. लेकिन इस प्रोग्राम के जरिए उन्होंने कंप्यूटर पर अपना नाम टाइप करना सीख लिया. फातिमा ने मुस्कुराते हुए कहा, “दीदी, कंप्यूटर ने मुझे मेरी पहचान दे दी है.” देवजानी मानती हैं कि तकनीक का सही इस्तेमाल इसी को कहते हैं.
- दूसरा नियम जिम्मेदारी से जुड़ा है. आने वाले समय में हमें ऐसी मशीनों के साथ काम करना होगा जो खुद फैसले लेंगी. जरा सोचिए, जब AI सिस्टम नौकरी, रोजीरोटी, लोन या इलाज से जुड़े हजारों फैसले लेने लगेंगे, तब अगर कोई फैसला गलत हुआ तो उसका जिम्मेदार कौन होगा? मशीनें कितनी भी स्मार्ट क्यों न हो जाएं, इंसान अपनी जिम्मेदारी से नहीं भाग सकता. मशीनों को जितनी ज्यादा आजादी मिलेगी, इंसानी लीडर्स की जिम्मेदारी उतनी ही बढ़ेगी. उन्हें दायरे तय करने होंगे, खतरे समझने होंगे और ये पक्का करना होगा कि आम लोग किसी भी गलत फैसले पर सवाल उठा सकें. फैसले मशीनें लेंगी, लेकिन जवाबदेही पूरी तरह इंसान की रहेगी.
- तीसरा बदलाव काम करने के तरीके को लेकर है. आज तकनीक इतनी तेजी से बदल रही है कि पारंपरिक प्लानिंग फेल हो रही है. जब हम ये नहीं बता सकते कि अगले दो साल में AI क्या कर पाएगा, तो पांच साल के प्लान कैसे बनाए जा सकते हैं? इसका मतलब प्लानिंग छोड़ना नहीं, बल्कि उसका तरीका बदलना है. जैसे AI स्किलिंग का मकसद लोगों को नई अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना है. लेकिन आज जिन टूल्स की ट्रेनिंग दी जा रही है, मुमकिन है कि कोर्स खत्म होने से पहले ही वे पुराने पड़ जाएं. इसलिए लीडर्स को अपने मकसद पर अडिग रहना होगा, लेकिन रणनीति बदलने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए. प्लान बदलना नाकामी नहीं है, बल्कि कई बार मिशन को पूरा करने के लिए दिशा बदलना जरूरी हो जाता है.
- चौथा और आखिरी बदलाव खुद लीडर्स के व्यवहार से जुड़ा है. दशकों से ये माना जाता रहा है कि जो जितना सीनियर होगा, उसके पास उतने ही ज्यादा जवाब होंगे. लेकिन AI ने इस सोच को चुनौती दे दी है. बदलाव की रफ्तार इतनी तेज है कि बड़ेबड़े एक्सपर्ट्स भी इसके साथ तालमेल बिठाने में जूझ रहे हैं. पुरानी कामयाबी अब भविष्य की गारंटी नहीं रही.



