अवैध संबंधों के चलते उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवक के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर पहले उसके दाढ़ीबाल मुंड दिए. फिर उसका मुंह काला करने के बाद उसे पेशाब भी पिलाया. यही नहीं, आरोपियों ने उसे पेड़ से बांधकर चप्पल जूतों से बुरी तरह पिटाई भी की. इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है.

वारदात अलीगढ़ में अकराबाद थाना क्षेत्र के दुभिया बंजारा का है. पुलिस के मुताबिक यहां मोहल्ला सतभैया में तीनचार दिन पहले एक युवक के साथ कुछ लोगों ने हैवानियत की. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले की जांच की. इसमें पता चला कि खैर थाना क्षेत्र में बिलखोरा गांव के रहने वाले एक युवक का अपनी बहन की देवरानी के साथ अवैध संबंध था. 24 सितंबर को वह अपनी बहन से मिलने के बहाने उसकी ससुराल दुभिया बंजारा आया था.
रंगे हाथ पकड़कर लोगों ने किया ये हाल
कुछ देर बहन के घर रहने के बाद युवक वहां से निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद युवक को उसकी बहन की देवरानी के साथ जंगल में आपत्तिजनक हालात में पकड़ लिया गया. इसके बाद गांव के लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और दाढ़ीबाल मुंडते हुए उसका मुंह काला कर दिया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। यही नहीं, गांव वालों ने युवक को वहीं जंगल में ही एक पेड़ से बांध दिया और चप्पल जूतों से पिटाई करते हुए उसे पेशाब पिलाया.
अब एक्शन में आई पुलिस
बुधवार को यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और वीडियो से युवक की पहचान कर उससे पूछताछ की गई. अकराबाद कोतवाल पंकज कुमार मिश्रा के मुताबिक पीड़ित युवक की तहरीर पर चार महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक युवक शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं.
15 दिन फरार रहे दोनों
पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले यह युवक अपनी बहन की देवरानी को लेकर भाग गया था. करीब 15 दिन बाद वापस लौटा तो गांव में काफी बवाल हुआ. पंचायत भी हुई और दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. इसके बाद भी दोनों एक दूसरे के कनेक्शन में रहे. इसी बीच बुधवार को युवक बहन के घर पहुंचा और वहां से अगले ही दिन अपने घर के लिए निकल भी गया, लेकिन जंगल में मवेशी चराने गए लोगों ने उसे जंगल में रंगे हाथ पकड़ लिया.


